महाराष्ट्र का राजनीतिक घमासान कब समाप्त होगा यह कहना मुश्किल है। इसी के साथ ही शिवसेना और शिंदे गुट के बीच भी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही सियासी बयानबाजी भी खूब हो रही है। इन सब के बीच शिवसेना और शिंदे गुट के मुंबई के प्रभादेवी में भिडंत का मामला सामने आया था। इस मामले में अब पुलिस ने 25 शिवसैनिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिवसेना की दशहरा रैली को लेकर पहले ही संग्राम शुरू है। दूसरी तरफ शिंदे गुट के कार्यकर्ता संतोष तेलवणे की पिटाई को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। इस केस में संतोष तेलवणे ने दादर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दादर पुलिस ने कुल 25 शिवसैनिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं मामला दर्ज होने के बाद आने वाले समय में शिवसैनिकों की परेशानी बढ़ने की संभावना है। दादर थाने में शिवसैनिकों के खिलाफ अलग-अलग 9 धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। संतोष तेलवणे ने दादर थाने में शिवसेना कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद सुबह करीब 5.30 बजे मामला दर्ज होने की खबर है।
पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद क्या शिवसैनिकों को गिरफ्तार किया गया है या नहीं इसे लेकर कोई डिटेल्स सामने नहीं आई है। दरअसल संतोष तेलवणे ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। आदित्य ठाकरे का नाम लिए बगैर संतोष तेलवणे ने शिवसेना पर निशाना साधा था।
लेकिन बाद शिंदे समूह और शिवसेना कार्यकर्ता एक दूसरे के सामने खड़े होकर एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। फिर विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। अब पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया है।