राष्ट्रपति पद की एनडीए प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू ने राज्य के भाजपा सांसदों और विधायकों की बैठक में राजस्थान की धरती का गुणगान किया। उन्होंने गुलाबीनगर आने को सौभाग्य बताया और राज्य की लोक संस्कृति, परिवेश, लोक देवता, तीर्थ और शौर्य गाथाओं का जिक्र कर राजस्थान से लगाव जताया। मुर्मू सुबह हवाईअड्डे से सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे जयपुर में रुकीं। पूरे रास्ते उनका स्वागत किया गया। राज्य के जनजाति क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने नृत्य और गीत गाकर स्वागत किया।
परम्परागत नगाड़े और चंग पर नृत्य की प्रस्तुति दी। मुर्मू रास्ते में सभी को अभिवादन करते हुए कार्यक्रम स्थल पहंची। जेएलएन मार्ग स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह वीर प्रसुताओं की धरती है। उन्होंने हिंदी में भाषण दिया जो कि लिखित था। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी की मिट्टी को नमन करती हूं, महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान जैसे महान देशभक्तों को जन्म देने वाली माताओं को नमन करती हूं।
उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य को अद्भुत बताया और कहा कि राणा पुंजा भील जैसे महान देशभक्तों ने छोटी सी सेना के बावजूद बड़ी सेनाओं से लोहा लिया। उन्होंने कहा कि पन्नाधाय जैसी वीर माताओं को नमन करती हूं। मुर्मू ने रामदेव, गोगाजी, पुष्कर, खाटूश्याम, सालासर बालाजी का जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें महापुरुषों की तस्वीरें, तीर कमान भेंट किए गए और चुनरी ओढ़ाई गई। विधायक वासुदेव देवनानी ने उन्हें सरसंघचालक मोहन भागवत की पुस्तक, यशस्वी भारत भेंट की।
मैं कभी सोच नहीं सकती थी कि राष्ट्रपति पद के लिए नाम आएगा
मुर्मू ने कहा कि वे जिस ग्रामीण परिवेश से हैं उसमें कभी सोचा ही नहीं था कि इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। छोटे से गांव में रहने वाली महिला के लिए सब कुुछ असम्भव लगता था, लेकिन अब सब सम्भव है। बैठक के बाद में सांसद विधायकों के भोजन स्थल पर भी मुर्मू पहुंची और अनौपचारिक चर्चा की। सांसद भारती पंवार ने उनका परिचय कराया।
शेखावत ने बताई चुनाव प्रक्रिया
बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में बताया। प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने द्रोपदी मुुर्मू की उम्मीदवारी को महत्वपूर्ण बताया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने कहा कि मुुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार। प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि मुर्मू को एनडीए के अलावा भी बड़ी संख्या में अन्य सांसद विधायक वोट देंगे।