ब्रह्मपुरी थाना इलाके में जलमहल के पास भोमिया बस्ती में पेंट बनाने वाली केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की 15 गाड़ियां कई फेरे लगाकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। सुबह आठ बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है पुलिस का मानना है कि आग सभवतः शार्ट सर्किट से लगी हैं। फायर अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री अवैध रुप से चलाई जा रही थी। पास में गैस गोदाम होने की वजह से उसे एहतियात के तौर पर खाली करवा लिया गया हैं।
गैस गोदाम को खाली करवाया:
फैक्ट्री के पास गैस गोदाम है। अनहोनी को देखते हुए गैस गोदाम को खाली करवा लिया गया गया है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने आस-पास के लोगों को वहां से हटवा दिया। लोगों को वहां से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। फैक्ट्री के पास लोगों को जाने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने आस-पास के क्षेत्र को घेर लिया है, किसी को भी फैक्ट्री के पास जाने की इजाजत नहीं है। आग बुझाने के लगातार प्रयास किए जा रहे है। फायर अधिकारियों का कहना है कि आग को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
बच गई बड़ी अनहोनी:
भोमिया बस्ती में जिस जगह फैक्ट्री है, वह रिहायशी इलाका है। जिस जगह फैक्ट्री है उसके पास में ही गैस गोदाम है। अगर यह आग गैस गोदाम तक पहुंच जाती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। शुक्र यह रहा कि पुलिस प्रशासन ने समय रहते गैस गोदाम को खाली करवा लिया। जिस समय आग लगी गैस गोदाम में बड़ी संख्या में सिलेंडर रखे हुए थे।