Friday, September 26

पंजाब में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, कैप्टन सरकार में मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत गिरफ्तार, घोटाले का है आरोप

पंजाब में कांग्रेस को आज एक और बड़ा झटका लगा है। पंजाब में कांग्रेस के बड़े नेता और कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पंजाब में कांग्रेस की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही है। बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष रहे सुनील जाखड़ और चार पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर ने पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। अब पंजाब में कांग्रेस के दिग्गज नेता और कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में वन मंत्री रहे साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब विजिलेंस ने देर रात साधु सिंह धर्मसोत की गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी बीते सप्ताह हुई मोहाली के जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) और एक कॉन्ट्रेक्टर की गिरफ्तारी के बाद हुई। बता दें कि कॉन्ट्रेक्टर ने पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा किया था कि भ्रष्टाचार के मामले में मंत्री की भी संलिप्तता रहती थी। इस मामले में दो दलाल भी गिरफ्तार किए गए है।

चुनाव के दौरान आप ने कई बार मंत्री पर किया था हमला-

उल्लेखनीय हो कि विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने कई मौकों पर धर्मसोत पर घूसखोरी का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की थी। चुनाव में जीत हासिल करने के बाद बीते दिनों सीएम भगवंत मान ने साधु सिंह धर्मसोत की गिरफ्तारी के संकेत दिए थे। चुनाव से पहले कैबिनेट में फेरबदल के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह जिन पांच मंत्रियों को हटाया था, उसमें साधु सिंह धर्मसोत भी शामिल थे।

एक पेड़ काटे जाने के बदले लिया करते थे 500 रुपए-

कांग्रेस नेता और पूर्व वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत आरोप है कि उन्होंने मंत्री पद पर रहते हुए चंडीगढ़ के पास मोहाली की फॉरेस्ट लैंड पर परमिशन देने के बदले में रिश्वत लिया। डीएफओ और कॉन्ट्रेक्टर ने पूछताछ के दौरान विजिलेंस टीम को बताया कि धर्मसोत एक पेड़ काटे जाने के बदले 500 रुपए की रिश्वत लेते थे।

नए पेड़ लगाने के लिए रिश्वत लेते थे मंत्री साधु सिंह धर्मसोत-

साथ ही नए पेड़ लगाने के बदले भी रिश्वत लिया करते थे। रिश्वतखोरी से मिले पैसों का एक हिस्सा सीधे धर्मसोत के पास जाता था। विजिलेंस की टीम ने बीती रात पूर्व मंत्री को गिरफ्तार किया। अब उनसे पूछताछ की जा रही है।