मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में जबकि अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
देश के कई इलाकों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सूरज के तल्ख तेवरों ने हालात और खराब कर दिए हैं। आने वाले दिनों में भी लोगों को कोई राहत नहीं मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार तापमान में यही तेजी बरकरार रही तो उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान से आग बरस रही है। सूरज की तल्खी की वजह से सुबह आठ बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। कई राज्यों में तेज धूप, गर्म हवाओं से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है।
जारी रहेगा लू का प्रकोप
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में जबकि अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा। यही नहीं अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम वैज्ञानिकों ने राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आईएमडी की ओर से अगले चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम रीजन में तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। साथ ही अगले पांच दिनों के दौरान हीटवेव में तेजी आएगी।