Thursday, October 2

पुलिस चौकी के सामने लगा जाम, जवान को लोगों ने बुलाया लेकिन कुछ नहीं कर पाया

शहर के मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन तनिक भी गंभीर नहीं है। इन दिनों शादियों का सीजन होने के कारण सुबह से ही बाजार में भीड़ उमड़ने लगती है। यह भीड़ शाम बजे तक लगी रहती है। इस बीच हजारों लोगों का बाजान में आना-जाना होता है। इनमें से अधिकांश लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।

इस जाम की मुख्य बाजार में आने वाले चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के अलावा हाथ ठेले वाले हैं। दिन भर इन वाहनों का बाजार में आवागमन होता है। जब भी कोई चार पहिया वाहन बाजार में आता है तो सामने से आने वाले वाहन को साइड से निकलने की जगह नहीं मिलती। वहीं उसके पीछे आने वाले वाहन को जब तक वाहन किसी गली में ना मुड़ जाए तब तक रेंगते हुए ही चलना पड़ता है। इसी कारण बाजार में जाम लग जाता है।

हालांकि बीते दिनों खुद व्यापार संघ के अध्यक्ष पद्म ताम्रकार ने सराफा संघ के कार्यक्रम में मुख्य बाजार की आवागमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया था। उनका कहना था कि मुख्य बाजार की सड़क पर दिन में आने वाले चार पहिया वाहनों को लेकर प्रशासन को व्यवस्था बनाना चाहिए। इन चार पहिया वाहनों की एंट्री मुख्य बाजार में दोपहर के समय प्रतिबंधित होना चाहिए। इनके बाजार में आने का समय सुबह और रात के समय निर्धारित होना चाहिए।

सराफा बाजार में सड़क के दोनों ओर दोपहिया वाहनों का कब्जा
जमना चौराहे पर ही शहर का सराफा बाजार है। जिसकी सुरक्षा के लिए हाल में व्यापारियों ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। बावजूद इसके व्यापारी बाजार में जाम खत्म करवाने को लेकर कोई गंभीर प्रयास नहीं कर रहे। मंगलवार दोपहर में इनकी दुकानों के बाहर दोपहिया वाहनों की कतार लगी हुई थी।

15 फीट चौड़ी सड़क को दोनों तरफ 10 फीट का हिस्सा दोपहिया वाहनों के कब्जे में था। ऐसे में सिर्फ 5 फीट जगह ही आवागमन के लिए बची। इसी में दोनों तरफ से आने वाले बाइक और हाथ ठेले आदि निकल रहे थे। यह स्थिति दिनभर बनी रही। सड़क के इस हिस्से से वाहन चालक सिर्फ 30 सेकंड में निकल सकता है लेकिन जाम के कारण उसे 5 मिनट से ज्यादा लग रहे थे।

जाम लगा को लोगों ने बुलाया तब जवान आया
शहर में सबसे बुरी स्थिति मुख्य बाजार में स्थित पुलिस चौकी से लेकर जमना चौराहे के मध्य बनती है। इन इलाको में कब जाम लग जाए कहा नहीं जा सकता। मंगलवार को भी दोपहर में यहां ऐसी ही स्थिति बनी। जाम में फंसे रजी खान ने चौकी के अंदर बैठे पुलिस जवान से बाहर आकर व्यवस्था बनाने का निवेदन किया।

जब जवान नहीं आया तो उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देख कर भीतर से उठ कर आया और व्यवस्था देखने लगा। हालांकि इसके बाद भी उसने जाम को खत्म करने के लिए अपने स्तर पर कोई गंभीर प्रयास नहीं किया। इसी के कुछ दूरी पर पीपल के पेड़ के नीचे लोडिंग वाहन के कारण जाम लगा हुआ था और लोग परेशान हो रहे थे।

जल्द से जल्द ही दिन में चार पहिया वाहनों की बाजार में एंट्री बंद करेंगे
मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था हमारी निगाह में है। हम दिन में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने पर विचार कर रहे हैं। इस संबंध में व्यापार संघ से भी चर्चा करेंगे। जल्द समस्या का निदान कर देंगे।
-प्रवीण प्रजापति, एसडीएम सिरोंज।