Wednesday, September 24

IPL में आज MI vs DC:दोनों टीमें 30 बार हुईं आमने-सामने, 16 बार मुंबई और 14 बार दिल्ली के हाथ लगी बाजी

IPL में आज डबल हेडर मुकाबले होने वाले हैं। पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले में रोहित शर्मा के सामने ऋषभ पंत होंगे। दोनों टीमों में काफी बदलाव हुए हैं। मुंबई पंड्या ब्रदर्स के बिना मैदान पर उतरेगी। वहीं, दिल्ली के पास रबाडा, श्रेयस अय्यर जैसे स्टार खिलाड़ी नहीं होंगे। ऐसे में आज का मुकाबला बड़ा रोमांचक होने वाला है।

टॉस का बॉस बनना है जरूरी
ब्रेबोर्न क्रिकेट स्टेडियम में अब तक 8 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इन 8 मुकाबलों में 6 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। ऐसे में टॉस की भूमिका बेहद अहम होगी। पहली पारी में यहां एवरेज स्कोर 157 तो दूसरी पारी में 147 रन रहा है।

दोनों टीमों का हेड-टु-हेड रिकॉर्ड
दोनों ही टीमों के बीच IPL में अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से मुंबई इंडियंस ने 16 मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच हुए मैचों में दिल्ली का सर्वाधिक स्कोर 213 तो मुंबई का 218 रन है। वहीं, लोएस्ट स्कोर की बात करें तो दिल्ली की टीम का मुंबई के खिलाफ 66 रन और मुंबई इंडियंस का 92 रन है।

कप्तान के तौर पर रोहित का पलड़ा भारी
रोहित ने अपनी कप्तानी में 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) में मुंबई को चैम्पियन बनाया है। इसके अलावा 2009 में वो एक खिलाड़ी के तौर पर डेक्कन चार्जर्स के साथ IPL जीत चुके हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने 129 मैच खेले हैं, जिसमें 75 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है। वहीं, 50 मैच में मुंबई को हार का सामना करना पड़ा है। 4 मैच टाई रहे हैं। कप्तान रोहित का विनिंग परसेंटेज 59.68 रहा है।

24 साल के ऋषभ पंत ने अब तक 16 मुकाबलों में दिल्ली की कप्तानी की है। टीम को 9 बार जीत मिली है तो 6 बार हार का मुंह का देखना पड़ा है। 1 मैच टाई रहा। कप्तान के तौर पर पंत का विनिंग परसेंटेज 59.37 का है।

कैसी होगी प्लेइंग इलेवन
दिल्ली की टीम डेविड वार्नर की जगह सलामी बल्लेबाज के रूप में टिम सेफर्ट को मौका दे सकती है। वह तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली ने इस बार ऑक्शन में शार्दूल ठाकुर को 10.75 करोड़ देकर टीम के साथ जोड़ा है। ऐसे में उनका खेलना तय माना जा रहा है। रोहित शर्मा की टीम में इस सीजन ट्रेंट बोल्ट खेलते नजर नहीं आएंगे। उनकी जगह रोहित टाइमल मिल्स को मौका दे सकते हैं।