रूस यूक्रेन जंग का आज 28वां दिन है। जंग के बीच अमेरिका और रूस में जुबानी वार पलटवार भी जारी है। अमेरिका का दावा है कि रूस ने जिस मकसद के साथ यूक्रेन जंग शुरू की थी वो उसे हासिल करने में नाकाम रहा है। हालांकि, इस नाकामी के बावजूद यह युद्ध आसानी से खत्म नहीं होगा।
अमेरिका के इन दावों पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने दो टूक लहजे में कहा कि यूक्रेन युद्ध हमारे प्लान के मुताबिक ही चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि रूस परमाणु हथियारों का इस्तेमाल तभी करेगा जब उसके अस्तित्व को खतरा होगा।
आज के अपडेट्स…
- यूक्रेन के ए
- क अधिकारी ने कहा कि जंग में अब तक 121 बच्चे मारे गए हैं और 167 बच्चे घायल हुए हैं।
- रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिका और सहयोगी देश रूस को G20 से बाहर करना चाहते हैं।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की रूसी आक्रमण के खिलाफ संघर्ष को लेकर जापान की संसद को वर्चुअली संबोधित करेंगे।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति 24 मार्च को NATO समिट में वर्चुअली हिस्सा लेंगे। इस दौरान वो यूक्रेन के एयर स्पेस को बंद करने की मांग कर सकते हैं।
- यूक्रेन के फोटो पत्रकार मैक्सिम लेविन के गायब होने की खबर है। वे कीव में रिपोर्टिंग कर रहे थे।
- द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, अमेरिका यूक्रेन को कुछ सोवियत-निर्मित एयर डिफेंस वेपन पहुंचा रहा है।
यूक्रेन में हुए नुकसान पर एक नजर
- यूक्रेन के रुबिजने में एक इमारत पर रूस ने बमबारी की जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। इसमें 2 बच्चे शामिल थे।
- यूक्रेन के मुताबिक, 22 मार्च को रूसी हमले में लोजोवा और खार्किव की 20 इमारतों को नुकसान पहुंचा और 1 व्यक्ति की मौत हो गई।
- यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने चेर्नोबिल की एक लैब को तबाह कर दिया है। यह लैब चेर्नोबिल न्यूक्लिर पावर प्लांट की थी और रेडियोएक्टिव वेस्ट के प्रबंधन पर नजर रखती थी।
- रूस ने यूक्रेन के दक्षिण तटीय शहर मारियुपोल पर हमले तेज कर दिए हैं। मंगलवार को हुए दो शक्तिशाली बमों के हमले से मारियुपोल दहल उठा। ये हमले इंडस्ट्रियल एरिया पर हुए। हालांकि, इस हमले में कितने लोग मारे गए हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।
जो बाइडेन इस हफ्ते की ब्रसेल्स विजिट के दौरान रूसी संसद के निचले सदन ड्यूमा के 300 से ज्यादा सदस्यों पर प्रतिबंध का ऐलान कर सकते हैं। इसके साथ ही रूस पर और ज्यादा कड़े आर्थिक प्रतिबंधों का ऐलान किया जा सकता है। हालांकि व्हाइट हाउस के प्रवक्ता का कहना है कि अभी इसके बारे में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पर डोनबास के डोनेट्स्क और लुहान्स्क से लगभग 2,500 यूक्रेनी बच्चों को किडनैप करके रूस भेजने का आरोप लगाया गया है। वहीं दूसरी तरफ यूक्रेनी मिलिट्री का दावा है कि रूस के आर्मी के पास सिर्फ तीन दिन की सप्लाई बची है।
मारियुपोल में सबसे ज्यादा तबाही
रूसी सैनिकों ने 1 मार्च को 4.5 लाख की आबादी वाले मारियुपोल की घेराबंदी की थी। यहां 80% से ज्यादा घर और बिल्डिंग तबाह हो चुकी हैं। हमले के बाद अब तक करीब 2.5 लाख शहर छोड़ चुके हैं। वहीं, एक लाख लोग अब भी फंसे हुए हैं।
इधर, एक रूसी अधिकारी ने क्रीमिया को दक्षिण-पूर्वी रूसी-कब्जे वाले डोनबास क्षेत्र से जोड़ने के बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने कहा मारियुपोल पर कब्जे के बाद रूस को क्रीमिया तक पहुंचने के लिए जमीनी रास्ता मिल जाएगा। रूस चाहता है कि यूक्रेन मारियुपोल सरेंडर कर दे। हालांकि यूक्रेन ने झुकने से इनकार कर दिया है।
अन्य अपडेट्स
- अमेरिका का दावा है कि रूसी हमले की तीन मकसद थे- 1 यूक्रेन पर कंट्रोल 2. मॉस्को की ताकत में बढ़ोतरी 3. पश्चिम देशों में फूट डालना।
- ओख्तिरका डिस्ट्रिक काउंसिल के अध्यक्ष सेरही किरिचको को रूस ने एक हफ्ते बाद रिहा कर दिया। उन्हें बेसमेंट से हिरासत में लिया गया था।
- रूस की जांच कमेटी ने पत्रकार अलेक्जेंडर नेवजोरोव पर रूसी सेना के बारे में झूठी जानकारी फैलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया।