Tuesday, September 23

होली से MP में तपने लगेंगे दिन:आज से तापमान में उछाल, 36 डिग्री पर पहुंचेगा पारा; जानिए, 18 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम

हवाओं की दिशा बदलने से मध्यप्रदेश में पारा नीचे आया है। इंदौर, भोपाल और जबलपुर में यह करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे रात और सुबह हल्की ठंडक रही, लेकिन दिन का तापमान आज से बढ़ने लगेगा।

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होने और बादल छंटने के कारण पारा अभी नीचे है। हवाओं के पश्चिमी या दक्षिणी पूर्वी होने से तापमान बढ़ेगा। आज दिन का पारा 4 डिग्री तक चढ़ सकता है। दिन में धूप तीखी होने से गर्मी का एहसास होगा। होली तक दिन का पारा 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात के तापमान में भी आज से कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी।

यहां तेजी से गिरा पारा
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान पारा गिरने से हल्की ठंडी रही। इंदौर, भोपाल और जबलपुर समेत प्रदेश भर में पारा नीचे आया है। बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, रायसेन, उज्जैन, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर, सतना उमरिया में 1 डिग्री से पारा नीचे फिसल गया। सिर्फ सिवनी और खंडवा में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश भर में तापमान 16 डिग्री के नीचे आ गया है। दो दिन पहले तक यह 21 के पार पहुंच चुका था।

होली तक बढ़ जाएगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 20 मार्च तक तापमान में अप एंड डाउन चलता रहेगा। हवाओं के दिशाएं बदलने के कारण तापमान में गिरावट और बढ़ोतरी होती रहेगी। 20 मार्च के बाद तापमान और ज्यादा बढ़ सकता हैं। मार्च के अंत में दिन का पारा 38 के पार पहुंच सकता है, जबकि रात में यह 20 के करीब भी जा सकता है।

यहां रात का पारा ज्यादा रहा

शहर तापमान
सिवनी 18.0
सीधी 17.4
नर्मदापुरम 17.3
नौगांव 17.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

यहां रात का पारा कम रहा

शहर तापमान
पचमढ़ी 10.4
रीवा 12.2
रायसेन 12.5
खजुराहो 12.8 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

चार प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

शहर तापमान
ग्वालियर 14.1
भोपाल 14.8
जबलपुर 16.0
इंदौर 16.5 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)