केंद्रीय मंत्री रिटायर जनरल वीके सिंह ने रविवार को जानकारी दी थी कि कीव में गोली लगने से घायल हुए भारतीय नागरिक हरजोत सिंह कल हमारे साथ भारत लौट आएंगे। भागदौड़ के बीच उनका पासपोर्ट भी खो गया था। सोमवार को हरजोत ने बोर्डिंग से पहले का एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वे भारत लौटने की बात कर रहे हैं। हरजोत सिंह पोलैंड पहुंच गए हैं।
रेजेजो एयरपोर्ट पर मौजूद वीके सिंह ने हरजोत का एक वीडियो ट्वीट किया है। जिसमें लिखा है कि हरजोत सुरक्षित हाथों में हैं और C-17 विमान से देश लौट रहे हैं।
हरजोत के साथ भारतीय राजनयिक मौजूद हैं। उन्हें सीमा पर पोलिश रेडक्रॉस की एम्बुलेंस में ट्रांसफर किया गया है। यह जानकारी इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंडोक ने दी है।
मेडिकल स्टूडेंट्स ने लगाई सुप्रीम कोर्ट में याचिका
यूक्रेन से लौटे छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। जिसमें उन्होंने मांग की है कि उन्हें भारत में कोर्स पूरा करने की अनुमति दी जाए। याचिका पार्थवी आहूजा और प्राप्ति सिंह ने लगाई है। उनका तर्क है कि मौजूदा हालातों के बीच उनकी पढ़ाई पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं, ऐसे में उनकी समस्या का समाधान भारत के एजुकेशन सिस्टम के अनुसार मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने की अनुमति देकर किया जा सकता है।
सुमी के स्टूडेंट्स के लिए 4 बसें लगाईं
रूस यूक्रेन बॉर्डर के सुमी शहर में फंसे भारतीय छात्रों को बसों में बैठाकर पोल्टावा के रास्ते हंगरी के बुडापेस्ट शहर लाया जा रहा है। यहां से इन्हें एयरलिफ्ट करके भारत पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 50-50 सीटों वालीं 4 बसें लगाई गई हैं। यह जानकारी बुडापेस्ट में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने न्यूज एजेंसी ANI को दी।
उन्होंने बताया- मैं दिल्ली में कंट्रोल रूम से बात कर रहा हूं। सुमी में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए 50-50 की क्षमता वाली चार बसें पोल्टावा के रास्ते में हैं। भोजन जैसी अन्य व्यवस्थाएं हैं भी व्यवस्था की गई है। स्थिति के आधार पर, पोल्टावा से आगे की योजना बनाई जाएगी। फिलहाल, सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं।
इसी बीच आज सुबह तड़के एक फ्लाइट यूक्रेन से निकाले गए 160 भारतीयों को हंगरी के बुडापेस्ट से लेकर दिल्ली पहुंची।
अब तक 15900 भारतीय स्वदेश लौटे
ऑपरेशन गंगा के तहत सोमवार को 7 फ्लाइट से 1200 स्टूडेंट भारत आएंगे। रविवार को 11 फ्लाइट्स से 2135 भारतीय वतन लौटे थे। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री के मुताबिक, अब तक 15 हजार 900 भारतीय नागरिक देश लौट चुके हैं। ऑपरेशन गंगा 22 फरवरी को शुरू हुआ था।