उत्तर भारत में बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश में मौसम बदल गया है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। रात का पारा साढ़े 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। भोपाल और पचमढ़ी में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान लुढ़क गया। खजुराहो, जबलपुर और रीवा में घना कोहरा रहा। भोपाल में एक दिन पहले रात का पारा 14.6 डिग्री सेल्सियस था। बीती रात यह 12.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में पारा 10.5 से लुढ़ककर 10.4, इंदौर में 13.6 से 13.1 और जबलपुर में 15 डिग्री से गिरकर 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अभी इसी तरह ठंडक रहेगी। रात के बाद दिन का तापमान भी नीचे आएगा। दिन में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रात में पारा 10 डिग्री के नीचे जा सकता है।
यहां बारिश हुई
मंडला में करीब 2 इंच तक पानी गिर गया। छिंदवाड़ा, मलाजखंड, उमरिया, सिवनी, जबलपुर और सीधी में हल्की बारिश हुई। आज भी कुछ इलाकों में बूंदाबादी हो सकती है।
सुबह हल्के बादल रहे
पाकिस्तान से आ रही हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है। भोपाल के कई इलाकों में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा भी रहा। रीवा में घना कोहरा रहा। यहां पर दृश्यता 50 मीटर तक रह गई। खजुराहो, जबलपुर और ग्वालियर में दृश्यता 500 मीटर रह गई।
अगला सिस्टम 13 फरवरी से बनेगा
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आ रही हवाएं) पाकिस्तान के ऊपर एक ट्रफ के रूप में हैं। इसके प्रभाव में पूर्वोत्तर राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवात सक्रिय है। इससे होकर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से होते हुए कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। 13 फरवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना है।
यहां रात का तापमान 10 या इससे नीचे
शहर | तापमान |
पचमढ़ी | 9.5 |
रतलाम | 10.2 |
ग्वालियर | 10.4 |
गुना | 10.4 (डिग्री सेल्सियस में) |
यहां रात का तापमान 10 से ऊपर रहा
शहर | तापमान |
दमोह | 14.0 |
सीधी | 14.0 |
मंडला | 13.6 |
उमरिया | 13.3 (डिग्री सेल्सियस में) |
प्रदेश के चार प्रमुख शहरों में रात का पारा
शहर | तापमान |
ग्वालियर | 10.4 |
भोपाल | 12.2 |
इंदौर | 13.1 |
जबलपुर | 13.4 (डिग्री सेल्सियस में) |