Wednesday, September 24

कोरोना अपडेट्स:24 घंटे में देश में 65,158 नए केस; 1,238 मौतें, तीसरी लहर के पीक से अब तक नए केस में 81% की गिरावट

  • केरल सरकार ने कोरोना टेस्ट किट और पीपीई किट सस्ती कर दी हैं। RTPCR टेस्ट 300 रुपए और एंटीजन टेस्ट 100 रुपए का खर्च आएगा। पीपीई किट 154 रुपए में मिलेगी।
  • राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक 169 करोड़ 19 लाख से अधिक वैक्सीन दी जा चुकी हैं। 12 करोड़ 2 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज अभी भी राज्यों-UT में मौजूद हैं।
  • देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 65,158 मामले मिले हैं। मंगलवार के मुकाबले कोरोना संक्रमण के मामलों में 6 हजार से ज्यादा की गिरावट हुई है। मंगलवार को संक्रमण के 71,365 नए केस सामने आए थे। तीसरी लहर के पीक के मुकाबले रोजाना के मामलों में 81% की गिरावट दर्ज हुई है। 20 जनवरी को 3,47,254 मामले सामने आए थे, जो अब कम होकर सिर्फ 65 हजार रह गए हैं।

    बुधवार को 1.67 लाख मरीज ठीक हुए और 1,238 कोरोना संक्रमितों की जान गई। देश में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 4.24 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। फिलहाल 7.81 लाख लोग कोरोना का इलाज करा रहे हैं।

    देश में कोरोना पर एक नजर
    कुल कोरोना केस: 
    4.24 करोड़
    कुल रिकवरी: 4.11 करोड़
    कुल मौतें: 5.06 लाख

    अपडेट्स…

    • ग्लेनमार्क फार्मा का नेजल स्प्रे बाजार में 850 रुपए में उपलब्ध होगा।
    • हरियाणा में गुरुवार से 1 से 9 तक की क्लास के लिए स्कूल खुलेंगे।

    हाइब्रिड इम्यूनिटी वाले 65% लोगों ने ओमिक्रॉन को मात दी
    केरल के डॉक्टर ने अपनी नई रिपोर्ट में दावा किया है कि हाइब्रिड इम्यूनिटी ओमिक्रॉन वैरिएंट को फैलने से रोकने में प्रभावी रही है। कोच्चि के केयर हॉस्पिटल की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. पद्मनाभ शेनॉय ने बताया कि ओमिक्रॉन का संक्रमण रोकने में हाइब्रिड इम्युनिटी का प्रभाव कोरोना वैक्सीन के 2 डोज से ज्यादा रहा है। जो लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं, उनमें वैक्सीन के दोनों डोज के बराबर एंटीबॉडी मिलती हैं। इसे हाइब्रिड इम्यूनिटी कहा जाता है।

    यही वजह है कि भारत में तीसरी लहर के दौरान मरने वालों की संख्या बहुत कम रही है। जब अमेरिका में रोजाना 3,500 लोगों की जान जा रही थी, उस दौरान भारत में 300-350 लोगों की मौत हुई। देश में तीसरी लहर के दौरान अनुमानित मौतों के आंकड़े से 10% से भी कम मौतें हुई हैं। इसके पीछे हाइब्रिड इम्यूनिटी बड़ा कारण है।

    वर्ल्ड कोरोना अपडेट्स

    • ब्रिटेन में इस महीने के अंत तक खत्म हो सकते हैं कोरोना प्रतिबंध : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को बताया कि इस महीने के अंत तक सेल्फ आइसोलेशन को लेकर सभी नियम हटाए सकते हैं। इसके साथ ही घरेलू तौर पर कोरोना प्रतिबंध खत्म हो जाएंगे।
    • स्वीडन ने किया महामारी के खत्म होने का ऐलान, आज से हटेंगे सभी प्रतिबंध: स्वीडन की स्वास्थ्य मंत्री लेना हैलनग्रेन ने कहा कि वैरिएंट में इतने बदलाव आ गए हैं कि प्रतिबंध हटाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना अब समाज के लिए खतरे के तौर पर नहीं देखा जाएगा।
    • अमेरिका में पाबंदियों में छूट और बढ़ी, 6 राज्यों में मास्क जरूरी नहीं: कोरोना मामलों में गिरावट और बड़ी आबादी को तेजी से वैक्सीन लगाए जाने के साथ ही अमेरिका में प्रतिबंधों में छूट का सिलसिला तेज हो गया है। न्यूजर्सी के बाद न्यूयॉर्क, कनेक्टिकट, डेलावेयर, कैलिफोर्निया और ओरेगन ने भी मास्क फ्री होने का ऐलान किया है।
    • हॉन्ग-कॉन्ग में कोरेाना के रिकॉर्ड मामले: हॉन्ग-कॉन्ग में लूनर न्यू ईयर के जश्न के बाद कोरोना का कहर टूटा है। वहां 24 घंटे में 800 नए मामले मिले। यह कोरोना काल में किसी भी एक दिन में सबसे ज्यादा हैं।
    • न्यूजीलैंड में भी कोरोना प्रतिबंधों के विरोध में प्रदर्शन: कनाडा के बाद कोविड प्रतिबंधों के खिलाफ अब न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंग्टन में प्रदर्शनकारियों ने संसद का घेराव किया। PM जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि वे प्रदर्शनकारियों से बातचीत नहीं करेंगी।

    कोरोना प्रभावित देश के प्रमुख राज्यों के हाल

    1. केरल: नए केस में 6 हजार की गिरावट
    यहां बुधवार को 23,253 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 46,393 मरीज ठीक हुए हैं और 277 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 29,471 नए संक्रमित मिले थे और 233 लोगों की मौत हुई थी।

    महामारी की शुरुआत से अब तक यहां कुल 63.46 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 60.26 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 60,793 लोगों की मौत हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट 27.38% है।

  • 2. महाराष्ट्र: नए केस में 1000 से ज्यादा की बढ़ोतरी
    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7,142 नए केस मिले हैं। इस दौरान 92 लोगों की मौत हुई और 20,222 लोग ठीक हुए। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कोरोना के 6,107 नए केस मिले थे। इस दौरान 57 लोगों की मौत हुई और 16,035 मरीज ठीक हुए थे।

    महामारी की शुरुआत से अब तक यहां कुल 78.23 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 75.93 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.43 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। पॉजिटिविटी रेट 5.21% है।

  • 3. मध्य प्रदेश: नए केस में करीब 200 की बढ़ोतरी
    मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 3,226 केस सामने आए और 6,980 लोग ठीक हुए। इस दौरान 5 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 3,083 केस सामने आए थे और 6,527 लोग ठीक हुए थे। इस दौरान 4 लोगों की मौत हुई थी।

    अब तक राज्य में 10.16 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.71 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,673 लोगों की मौत हुई। 33,384 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 4.56% है।

  • 4. गुजरात: नए केस से करीब तीन गुना ज्यादा ठीक हुए
    गुजरात में बुधवार को 2560 नए केस मिले। 8,812 लोगों ने कोरोना को मात दी, जबकि 24 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 2,502 नए केस मिले थे। 7,487 लोगों ठीक हुए थे, जबकि 28 लोगों की मौत हुई थी।

    अब तक राज्य में कुल 12.08 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 11.70 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,740 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस 27,355 और पॉजिटिविटी रेट 2.64% है।

  • 5. उत्तर प्रदेश: नए केस और मौत दोनों में इजाफा
    यहां बीते 24 घंटे में 2,056 नए कोरोना केस आए। 5,155 लोग ठीक हुए और 16 लोगों की मौत हुई। इससे पहले मंगलवार को 1,921 नए कोरोना केस आए थे। 5,453 लोग ठीक हुए थे और 13 लोगों की मौत हुई थी।

    अब तक राज्य में 20.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 20.07 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,359 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 20,065 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.04% है।

  • 6. राजस्थान: नए मामलों में करीब 300 की बढ़ोतरी हुई
    राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 3,728 केस सामने आए और 7,177 लोग ठीक हुए। इस दौरान 17 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले, यानी मंगलवार को 3,479 केस सामने आए थे और 7,354 लोग ठीक हुए थे। इस दौरान 16 लोगों की मौत हुई थी।

    अब तक राज्य में 12.54 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,424 लोगों की मौत हो गई। 33,812 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 7.90% के करीब है।

  • 7. दिल्ली: नए केस में लगातार गिरावट के बाद फिर इजाफा
    दिल्ली में बुधवार को 1,317 नए कोरोना केस सामने आए और 13 लोगों की मौत हुई। 1,908 लोग ठीक हुए। इससे एक दिन पहले रविवार को 1,114 नए कोरोना केस सामने आए थे और 12 लोगों की मौत हुई थी। 2,079 लोग ठीक हुए थे।

    अब तक राज्य में 18.47 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 18.15 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 26,023 की मौत हो गई। 15 जनवरी को दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 30% था, जो लगातार कम होते हुए 3% से नीचे आ गया है।

  • 8. पंजाब: राज्य में 10 हजार से कम एक्टिव केस
    पंजाब में बीते दिन 665 नए संक्रमित मिले हैं और 29 लोगों ने दम तोड़ दिया। 1,471 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 489 नए संक्रमित मिले थे और 26 लोगों ने दम तोड़ दिया था। 1,762 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए थे।

    अब तक राज्य में 7.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.29 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,524 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल एक्टिव केस 6,616 हैं। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 2.12% है।