Tuesday, September 23

MP में थोड़ी ठंड बढ़ेगी:उत्तर भारत में बर्फबारी से राजस्थान में सिस्टम बना; अगले 24 घंटे में हल्की बारिश होगी

उत्तर में बर्फबारी और पाकिस्तान से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान में एक सिस्टम बन गया है। यह सिस्टम मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलेगा। 24 घंटे में ग्वालियर-चंबल और जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे अगले तीन दिन तक ठंड थोड़ी बढ़ेगी। दिन-रात के तापमान में कमी आएगी।

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही हवाओं की रफ्तार काफी तेज है। इससे अगले तीन दिन तक दिन और रात का पारा कुछ नीचे आएगा। आज से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान नीचे गिरेगा। रात को पारा 10 डिग्री तक आ सकता है। अभी प्रदेशभर में रात का पारा 10 से 15 डिग्री के बीच पहुंच गया है।

यहां हल्की बूंदाबांदी
पीके साहा ने बताया कि राजस्थान में बना सिस्टम शुक्रवार तक सक्रिय रहेगा। इससे अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, मुरैना, भिंड, जबलपुर, सीधी, सिंगरौली, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और शहडोल में हल्की बारिश हो सकती है। शेष प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। सीधी, सिंगरौली भिंड और मुरैना में कहीं-कहीं गरज-चमक हो सकती है।

यह सिस्टम बन रहा है
उत्तर में बर्फबारी हुई है। अभी हवाएं पूर्व की तरफ चल रही हैं। अब धीरे-धीरे पश्चिमी हो रही हैं। इससे दिन और रात का पारा नीचे आएगा। ये 3 से 5 डिग्री तक नीचे आ सकता है। इससे अगले तीन दिन तक असर रहेगा। उसके बाद से फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी।

यहां न्यूनतम तापमान कम रहा

शहर तापमान
खजुराहो 9.2
मंडला 9.2
पचमढ़ी 9.2
नौगांव 10.2

यहां रात का पारा ज्यादा रहा

शहर तापमान
भोपाल 14.8
शाजापुर 14.4
रतलाम 13.4
राजगढ़ 13.0

प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

शहर तापमान
ग्वालियर 11.3
जबलपुर 13.0
इंदौर 13.0
भोपाल 14.8