जिले की सीमा से लगे विदिशा जिले के गांव हिनौतिया में मंगलवार दोपहर हादसा हो गया। यहां 6-6 साल के दो बच्चे एक कुएं में नहाने पहुंच गए और दोनों डूब गए। समीप से गुजर रहे युवक की नजर पड़ी और उसने गोते लगातार दोनों को बाहर निकाला। तब तक एक बालक की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 2.30 बजे करीला धाम इलाके से जुड़े गांव हिनौतिया जिला विदिशा में हुआ। महज 6-6 साल की उम्र के दो बच्चे कार्तिक पिता शिशुपाल यादव और कान्हा पिता कृष्णभान यादव दोनों खेलते खेलते गांव से करीब दो किमी दूर पहुंच गए। यहां दोनों कुएं में नहाने लगे। इसी दौरान दोनों कुएं में डूब गए। तभी समीप से गुजर रहे गोलू की नजर कुएं के पास पड़े बच्चों के कपड़ों पर पड़ी।
इस पर उसे संदेह हुआ और वह कुएं के पास पहुंचा। अंदर देखने पर पानी में बुलबुले दिखाई दिए। गोलू ने कुएं में छलांग लगाई और अंदर टटोला को एक बालक मिला और उसने उस बालक को बेसुध अवस्था में बाहर निकाला। कुछ देर बार दूसरे बालक को भी निकाला लिया। परिजनों को सूचना दी और ताबड़तोड़ दोनों को अशोकनगर जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। जबकि कान्हा को आईसीयू में भर्ती कर ट्रीटमेंट किया जा रहा है।
सूचना के दो घंटे तक भी नहीं पहुंची पुलिस
बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजनों से पूछताछ के लिए करीब डेढ़ से दो घंटे तक पुलिस अस्पताल ही नहीं पहुंची। शाम करीब 4 बचे पुलिस ने पहुंचकर पंचनामा बनाया।
पहली बार दोनों बच्चे एक साथ खेल रहे थे
परिजनों ने बताया कि इससे पहले कार्तिक और कान्हा कभी एक साथ नहीं खेलते थे। पहली बार ही दोनों साथ में खेल रहे थे। वे कुएं तक कैसे पहुंच गए। यदि गोलू छोड़ी देर और वहां नहीं पहुंचता तो दूसरे बच्चे को बचाना भी मुश्किल हो जाता। ज्ञात रहे डूबने वाले दोनों ही बच्चे एक ही परिवार के है।