यूपी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देकर वाहवाही लूट रहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का फॉर्मूला बाकी के चार राज्यों में फेल साबित हुआ। कांग्रेस ने प्रियंका की इस पॉलिसी को पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में लागू ही नहीं किया। यहां तक कि इन राज्यों में 15 फीसदी महिला उम्मीदवारों को भी टिकट नहीं दिया गया है। इससे पार्टी की कथनी और करनी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, जबकि पंजाब से लेकर राजस्थान तक में प्रियंका गांधी पूरी तरह से सियासी दखल रखती है। किसी भी प्रदेश में पार्टी के पदाधिकारी से लेकर कांग्रेस शासित राज्य में मंत्री और सीएम तक उनके इशारे के बिना कोई नहीं बन पाता।
‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का टैगलाइन लेकर यूपी चुनाव में उतरीं प्रियंका ने प्रदेश में एक अलग पहचान बनानी शुरू की थी। यूपी की चुनावी रेस में चौथे नंबर पर मानी जा रही कांग्रेस में प्रियंका के महिलाओं को आगे बढ़ाने के फैसले से पार्टी ने माहौल बना लिया था, लेकिन जिस तरह से उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में महिलाओं को टिकट दिया गया है। उसको लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सवाल किए जा रहे हैं। 10 मार्च को जब चुनाव के नतीजे आएंगे, तब ये देखना दिलचस्प होगा कि प्रियंका का फॉर्मूला उत्तर प्रदेश में कितना कारगर साबित हुआ।
ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशी घोषित
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश को छोड़कर पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। पंजाब में 117 में 86 सीटों के लिए सूची जारी कर दी गई है, जिसमें से केवल 9 सीटों पर महिलाओं को उतारा गया है। उत्तराखंड में 70 में से 64 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है, जिसमें से केवल छह सीटों पर ही महिलाओं को टिकट मिला है। गोवा में 40 सीटों में से 36 सीटों के लिए सूची जारी हुई है, जिसमें केवल एक ही महिला प्रत्याशी को उतारा गया है। वहीं मणिपुर में 40 में से तीन महिलाओं को टिकट दिया गया है।
धीरे-धीरे दूसरे राज्यों में लागू करेंगे
कांग्रेस का कोर आइडिया है कि महिलाओं को राजनीति में आगे लाया जाए। इसलिए प्रियंका गांधी ने इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से की है। वहां 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया जा रहा है। इस प्रक्रिया को धीरे-धीरे दूसरे राज्यों में भी लागू किया जाएगा। महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाना एक सतत प्रक्रिया है, जिसे कांग्रेस आगे बढ़ा रही है। भाजपा सहित अन्य पार्टियां तो इस पर बात तक नहीं करतीं।
गौरव बल्लभ, प्रवक्ता कांग्रेस
प्रियंका का हकीकत से लेना-देना नहीं
प्रियंका गांधी वाड्रा तो केवल चुनावी नारे गढ़ने में लगी हैं। हकीकत से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। अगर वह वाकई महिलाओं को सत्ता में भागीदारी देना चाहती हैं तो पंजाब में उनकी सरकार है। वहां 40 फीसदी महिलाओं को मैदान में उतारना चाहिए था। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। वहां पर 40 फीसदी महिलाओं को सरकार में मंत्री बनाना चाहिए था, लेकिन राजस्थान में लड़कियां और महिलाएं असुरक्षित हैं।
शहजाद पूनावाला, प्रवक्ता भाजपा