Friday, September 26

कोरोना देश में LIVE:3.47 लाख नए केस और 701 ने जान गंवाई, 4 दिन में दोगुना हुईं मौत; दिल्ली में जारी रहेगा वीकेंड कर्फ्यू

देश में गुरुवार को 3 लाख 47 हजार 254 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.51 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 701 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में 29,722 की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3.17 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 491 लोगों की मौत हुई थी।

देश में पिछले 4 दिनों से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 17 जनवरी को देश में 310 मौतें हुई थीं। वहीं, 4 दिन बाद गुरुवार को यह संख्या 2 गुने से भी अधिक (701) हो गई। ये मौतें तीसरी लहर में सबसे ज्यादा हैं। सबसे ज्यादा मौतें दिल्ली (43), तमिलनाडु (39), पश्चिम बंगाल (37), महाराष्ट्र (37) में हुईं। मौतों का आंकड़ा 8 महीने बाद 700 के पार पहुंचा है। दूसरी लहर में केस घटने के दौरान 11 मई को 724 मौतें दर्ज की गई थीं।

दिल्ली में जारी रहेगा वीकेंड कर्फ्यू
दिल्ली के उपराज्यपाल ने वीकेंड कर्फ्यू हटाने के अरविंद केजरीवाल के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि दफ्तरों को 50% क्षमता के साथ खोला जा सकता है लेकिन बाकी सारे लॉकडाउन लगे रहें तो अच्छा रहेगा। राज्य में कोरोना की स्थिति बेहतर होने पर इस बारे में फैसला लिया जाएगा।

देश में एक्टिव केस 20.12 लाख
फिलहाल देश में 20.12 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 20 लाख के पार पहुंचे हैं। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख और 8 जनवरी को 5 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 21 दिन में कुल एक्टिव केस 20 गुना हो गए हैं।

देश में कोरोना पर एक नजर
कुल संक्रमित : 3,85,66,047
कुल रिकवरी: 3,60,48,868
कुल मौतें: 4,88,396

कोरोना अपडेट्स…

  • टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। भज्जी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। उनके संपर्क में आने वाले लोग अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं। भज्जी ने हाल ही में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था और कहा था कि वो भविष्य में पंजाब की सेवा करना चाहते हैं।
  • सरकार ने गुरुवार को बच्चों के लिए नई कोरोना गाइडलाइन जारी की है। इसमें 18 साल से कम उम्र के बच्चों के संक्रमित होने पर एंटीवायरल या मोनोक्लोनल एंटीबॉडी का इस्तेमाल नहीं करने का सुझाव दिया गया है।
  • स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि UP, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, बंगाल, गुजरात, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान में एक्टिव केस सबसे ज्यादा हैं। ICMR के DG डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि वैक्सीनेशन भारत के लिए फायदेमंद साबित हुआ है। वैक्सीनेश के चलते ही तीसरी लहर में मौतों की संख्या काफी घटी है। वैक्सीनेशन ज्यादा होने की वजह से ही हम गंभीर संक्रमण और बहुत ज्यादा मौतें नहीं देख रहे हैं।

5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल

1. कर्नाटक: पिछले दिन के मुकाबले करीब 7 हजार बढ़े नए मामले
यहां गुरुवार को 47,754 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 22,143 लोग ठीक हुए और 29 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले बुधवार को 40,499 लोग संक्रमित पाए गए थे। यानी, केस एक दिन में 17% बढ़ गए हैं। यहां कुल 33.76 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 30.45 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,515 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस की संख्या 2,93,231 और पॉजिटिविटी रेट 18.49% है। बुधवार को पॉजिटिविटी रेट 18.11% था।

1. केरल: पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 40.21% हुआ
राज्य में गुरुवार को 46,387 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 15,388 मरीज ठीक हुए हैं और 32 लोगो की मौत हुई है। बुधवार को यहां 34,119 केस सामने आए थे और 49 लोगो की मौत हुई थी। अब तक कुल 55.10 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 52.95 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51,501 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस की संख्या 1,99,041 है। गुरुवार को पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 40.21% हो गया है। इससे पहले बुधवार को पॉजिटिविटी रेट 37.13% था।

3. महाराष्ट्र: 24 घंटे में करीब 46 हजार नए केस मिले
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 45,932 नए केस सामने आए हैं, जो बुधवार के मुकाबले 2,235 ज्यादा हैं। इससे एक दिन पहले बुधवार को राज्य में 43,697 मामले सामने आए थे, यानी एक दिन में 5% केस बढ़े हैं। वहीं, गुरुवार को 52,025 मरीज ठीक हुए और 37 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,58,569 हो गए हैं।

4. तमिलनाडु: संक्रमण की रफ्तार स्थिर
24 घंटे के दौरान यहां 28,561 मामले सामने आए हैं। वहीं, 19,978 लोग बीमारी से ठीक हो हुए हैं और 39 लोगों की जान गई है। इससे पहले बुधवार को यहां 26,981 मामले दर्ज किए गए और 35 लोगों की मौत हुई थी। अब तक राज्य में कुल 30.42 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 28.26 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,112 मरीजों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 1,79,205 है और पॉजिटिविटी रेट 18.44% है। इससे एक दिन पहले पहले पॉजिटिविटी रेट 17.91% था।

5. गुजरात: एक्टिव केस 1 लाख के पार
राज्य में गुरुवार को 24,485 नए मामले सामने आए, जबकि 10,310 मरीज ठीक हुए और 13 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 10.01 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.86 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में बुधवार को 20,966 नए मामले दर्ज किए गए थे और 12 लोगों की मौत हुई थी। यहां कुल एक्टिव केस 1,04888 हैं। पॉजिटिविटी रेट 17.62% है, इससे पहले बुधवार को पॉजिटिविटी रेट 15.12% दर्ज किया गया था।