हाड़ कंपाने वाली सर्दी से लगातार तीसरे दिन शहरवासी बेहाल रहे। मंगलवार सुबह 10 बजे तक कोहरे के कारण दृश्यता 45 मीटर रही। सुबह 8:30 बजे तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था, जो सुबह 11.30 बजे तक 15 डिग्री पर पहुंचा। दोपहर में सूरज निकला तो लोगों को राहत मिली। पिछले तीन दिन से चल रही सर्द हवा ने जन-जीवन को प्रभावित किया है। शाम होने के बाद ठंड ने फिर से लोगों को बेहाल किया।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.0 डिग्री कम आंका गया। रात का तापमान 6.5 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले कुछ दिन में धूप निकलने से राहत रहेगी। हालांकि अगले तीन-चार दिन तक इसी तरह ठंडक बनी रहेगी। रात को भी कुछ राहत होगी। पांच दिन बाद बारिश के आसार बन रहे हैं।
असर… बसें भी खाली
सर्दी की वजह से बसों में कम यात्री आवाजाही कर रहे हैं। विशेष रूप से विदिशा से भोपाल, सागर, रायसेन जाने वाली यात्रियों की संख्या में 40 से 50 फीसदी की कमी आई है। बस संचालक तेजेंदर सिंह बन्नू का कहना है कि सर्दी की वजह से सुबह और शाम की बसों में यात्रियों की संख्या 50 फीसदी से कम हो रही है।
आगे: 22 जनवरी के बाद बारिश के बन सकते हैं आसार
सीहोर कृषि कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर ने बताया कि राजस्थान में एक चक्रवातीय घेरा बन रहा है। इसके सक्रिय होने से 22 जनवरी के बाद हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, अभी पांच दिन तक बारिश की संभावना नहीं है।
