
देश में मंगलवार को 2.82 लाख नए केस मिले हैं। इस दौरान 1.87 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 441 की मौत हुई है। अब देश में 18.25 लाख एक्टिव केस हैं, यानी इनका इलाज चल रहा है। नए केस की बात करें तो दो दिन की गिरावट के बाद इनमें बढ़ोतरी देखी गई है।
इससे पहले 17 जनवरी को 2.38 लाख केस आए थे और इससे भी एक दिन पहले, यानी 16 जनवरी को 2.58 लाख केस आए थे। वहीं, 15 जनवरी को 2.71 लाख नए केस मिले थे।
इस बीच भारत ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगी पाबंदी को 28 फरवरी तक बढ़ा दिया है। डॉयरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन(DGCA) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, बबल एग्रीमेंट के तहत उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स पहले की तरह ही चलती रहेंगी। वहीं, DGCA की तरफ से अनुमति वाले कार्गो फ्लाइट भी उड़ान भर सकते हैं। कोरोना के मामलों को देखते हुए 23 मार्च 2020 से ही रेगुलर इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक लगाई जा चुकी है।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल संक्रमित : 3,79,01,258
कुल रिकवरी: 3,55,73,358
कुल मौतें: 48,72,02
कोरोना अपडेट्स…
- देश में ओमिक्रॉन के अब तक 8,961 केस मिले हैं। वहीं, वैक्सीन की करीब 158.88 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है।
- सुप्रीम कोर्ट में पिछले 9 दिनों में संक्रमित जजों की संख्या बढ़कर दोगुनी हो गई है। अब तक सुप्रीम कोर्ट के 10 जज कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज तीन जजों की बेंच नहीं बैठेगी। कोर्ट के कर्मचारियों में पॉजिटिविटी रेट 30% हो गया है।
- हिल्स क्वीन शिमला में मंगलवार को एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान यहां1684 लोगों ने जांच कराई। इनमें 644 यानी 38.25% लोग संक्रमित पाए गए। हमीरपुर, कुल्लू, सोलन और मंडी जिलों में भी संक्रमण दर 20% को पार कर गई है।
- पिछले 24 घंटों में मुंबई में 28 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। मुंबई पुलिस के मुताबिक, शहर में अब तक कुल 10,666 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए और 127 की मौत हुई है। यहां 1,273 पुलिसकर्मी अभी भी संक्रमित हैं।
- दिल्ली सरकार अपने सीनियर नर्सिंग अधिकारियों को प्राइवेट अस्पतालों में नोडल अधिकारियों के रुप में तैनात करेगी। इससे कोविड-19 मरीजों के मैनेजमेंट और टीकाकरण की निगरानी भी की जा सकेगी।
- जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में 4,651 नए कोविड मामले सामने आए। यह एक दिन के दौरान राज्य में कोरोना के सबसे ज्यादा नए मामले हैं। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय मामले 21,677 हैं।
- 15-18 एज ग्रुप के 50% से अधिक युवाओं को कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। 50 लाख से ज्यादा बुजुर्गों, हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रिकॉशनरी डोज दिया।
- त्रिपुरा में पिछले 24 घंटों में 1385 नए कोविड-19 मामले, 492 रिकवरी और 4 मौतें दर्ज की गई। राज्य में एक्टिव केस 6,491 हैं।
- असम में पिछले 24 घंटों में 8,072 नए कोविड मामले और 16 मौतें दर्ज की गई। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 13% रही है।
5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. कर्नाटक: नए मामलों में 52.66% का उछाल
यहां मंगलवार को 41,457 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 8,353 लोग ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हो गई। कुल 32.88 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 29.99 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,465 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस की संख्या 2,50,381 है। पॉजिटिविटी रेट 12.46% से बढ़कर 22.30% हो गया है। इससे पहले सोमवार को 27,156 लोग संक्रमित पाए गए थे, यानी केस एक दिन में 52.66% बढ़ गए हैं।
2. महाराष्ट्र: 24 घंटे में 39 हजार नए केस मिले
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 39,207 नए केस सामने आए हैं, जो सोमवार के मुकाबले 8,096 ज्यादा हैं। सोमवार को राज्य में 31,111 मामले सामने आए थे, यानी एक दिन में 26% केस बढ़े हैं। वहीं मंगलवार को 38,824 मरीज ठीक हुए और 53 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,67,659 हो गए हैं। मुंबई की बात करें तो कोविड के 6,149 नए मामले सामने आए हैं और 7 मरीजों की मौत हुई है।
3. केरल: पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 35.27% हुआ
राज्य में मंगलवार को 28,481 केस सामने आए हैं, जबकि 7,303 मरीज ठीक हुए और 39 लोगों की मौत हो गई। अब तक कुल 54.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 52.36 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51,026 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस की संख्या 1,42,512 है। पॉजिटिविटी रेट 35.27% हो गया है। इससे एक दिन पहले सोमवार को 22,946 लोग संक्रमित पाए गए थे और 18 की मौत हुई थी।
4. तमिलनाडु: संक्रमण की रफ्तार स्थिर
24 घंटे के दौरान यहां 23,888 मामले सामने आए हैं। 15,036 मरीज इस बीमारी से ठीक हुए और 29 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में कुल 29.87 लाख लोग संकमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.89 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,038 मरीजों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 1,61,171 है और पॉजिटिविटी रेट 16.87%। इससे एक दिन पहले सोमवार को 23,443 लोग संक्रमित पाए गए थे और 20 की मौत हुई थी।
5. गुजरात: एक्टिव केस 79 हजार के पार
राज्य में मंगलवार को 17,119 नए मामले सामने आए, जबकि 7,883 मरीज ठीक हुए और 10 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 9.56 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.66 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,174 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 79,600 हैं। पॉजिटिविटी रेट 13.11% है। राज्य में सोमवार को 12,753 नए मामले सामने आए थे और 5 लोगों की मौत हुई थी।