दुनिया में बीते दिन 32.66 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई है। 10.70 लाख लोग ठीक हुए हैं और 5,698 लोगों की मौत हुई है। नए संक्रमितों के मामले में अमेरिका 4.04 लाख मरीजों के साथ टॉप पर है, जबकि 3.24 लाख मामलों के साथ फ्रांस दूसरे नंबर पर है। वहीं, 2.71 लाख नए केस साथ भारत तीसरे नंबर पर है।
बीते दिन केवल अमेरिका में ही 886 नई मौतें दर्ज की गई हैं। एक्टिव केस के मामले में अमेरिका टॉप पर है। पूरी दुनिया में 5.47 करोड़ एक्टिव केस हैं। इनमें से 2.27 करोड़ अकेले अमेरिका में हैं। पूरी दुनिया में अब तक करीब 32.66 करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.63 करोड़ ठीक हो चुके हैं। वहीं, 55.53 लाख ने जान गंवाई है।
चीन की राजधानी बीजिंग में पहले ओमिक्रॉन संक्रमित की पुष्टि हुई है। बीजिंग में 4 से 20 फरवरी के बीच विंटर ओलिंपिक का आयोजन किया जा रहा है। संक्रमित मिलने के बाद संक्रमित व्यक्ति के इलाके में लॉकडाउन लगा दिया गया है। पश्चिमी बीजिंग जिले के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि संक्रमित व्यक्ति के घर और ऑफिस को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। संक्रमित के घर और ऑफिस में काम करने वाले 2,430 लोगों के सैंपल कोविड जांच के लिए भेजे गए हैं।
दुनिया में अब तक कोरोना मामलों की स्थिति
कुल संक्रमित: 32.66 करोड़
ठीक हुए: 26.63 करोड़
एक्टिव केस: 5.47 करोड़
कुल मौतें: 55.53 लाख
दुनिया में कोरोना जुड़ी अन्य खबरें…
कोवैक्स फैसिलिटी ने 100 करोड़ वैक्सीन सप्लाई का टारगेट पूरा किया
वैक्सीन के समान वितरण के लिए WHO और ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन एंड इम्युनाइजेशन (GAVI) ने कोवैक्स नाम से ग्लोबल वैक्सीन शेयरिंग सिस्टम बनाया था। इसका मकसद अमीर-गरीब देशों के बीच वैक्सीन के असमान वितरण को कम करना था। कोवैक्स फैसिलिटी ने शनिवार को 100 करोड़ वैक्सीन सप्लाई का टारगेट पूरा किया है।
कोवैक्स ने मिडिल और लो इनकम देशों को वैक्सीन मुहैया कराने का संकल्प लिया था। कोवैक्स का लक्ष्य था कि 2021 के अंत तक 200 करोड़ डोज गरीब देशों को दिए जाए। सितंबर में इस टारगेट को कम कर 140 करोड़ कर लिया गया था। नवंबर तक कोवैक्स के तहत 58 करोड़ डोज सप्लाई की गई थी।
ऑस्ट्रिया में वैक्सीनेशन के खिलाफ प्रदर्शन
ऑस्ट्रिया में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों को रोकने के लिए सरकार अगले महीने से अनिवार्य वैक्सीनेशन शुरू करने जा रही है। इसके विरोध में हजारों प्रदर्शनकारी विएना की सड़कों पर उतर आए। ऑस्ट्रिया में अब 14.28 लाख लोगकोरोना संक्रमित हो चुके हैं और 13,915 लोगों की मौत हो गई है।
पिछले साल नवंबर में सरकार ने चौथी बार लॉकडाउन लगाया था। इस दौरान सभी ऑस्ट्रियाई लोगों के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य करने की बात कही गई थी। ऑस्ट्रिया ऐसा करने वाला यूरोपीय यूनियन का पहला देश है।