देश में 24 घंटे में 1 लाख 93 हजार नए कोरोना संक्रमित पाए गए। 60,182 लोग ठीक हुए और जबकि 442 लोगों की मौत हुई है। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 33 हजार 318 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस वक्त 9.48 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
देश में एक्टिव केस में भी 1.32 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 9 लाख के पार पहुंचे हैं। वहीं, नए संक्रमितों 25 हजार की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे पहले सोमवार को 1.69 लाख लोग संक्रमित मिले थे।
देश में अब कुल 3.60 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 3.46 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4 लाख 84 हजार 655 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैप्टन ने बुधवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं और वे होम आइसोलेशन में हैं।
कोरोना अपडेट्स
- IIT हैदराबाद में 119 स्टूडेंट्स और स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संस्थान के अधिकारियों के मुताबिक, ये केस 6 जनवरी से 11 जनवरी के बीच मिले हैं। वहीं, 5 से 9 जनवरी के बीच IIT मद्रास में 58 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 17 स्टूडेंट्स भी शामिल हैं।
- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, BJP हेडक्वार्टर दिल्ली के 42 स्टाफ संक्रमित पाए गए हैं।
- PM मोदी ने कहा कि 15 से 17 साल उम्र के 2 करोड़ से ज्यादा बच्चों को वैक्सीन का डोज लगाया जा चुका है। प्रधानमंत्री ने ये बात पुडुचेरी में बुधवार को आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान कही।
- दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने बुधवार को कहा कि राजधानी में जल्द ही कोरोना मामलों में कमी देखने को मिलेगी। मुंबई में गिरावट का ट्रेंड देखने को मिला है, हमें ऐसा ही ट्रेंड राजधानी में भी देखने को मिलेगा। अगर 2 से 3 दिन के अंदर केस कम होते हैं, तो पाबंदिया हटाई जा सकती है। जैन ने राजधानी में बुधवार को 25000 नए केस मिलने की आशंका जताई है।
- दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि 1 से 12 जनवरी के बीच राजधानी में 1700 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और UTs के मुख्य सचिवों को लेटर लिखा है। लेटर में राज्यों और UTs को तत्काल प्रभाव से ऑक्सीजन की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, हेल्थ फैसिलिटी को भी बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
- हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में अब तक ओमिक्रॉन के 4,868 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 11.05% दर्ज की गई।
- महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के मुताबिक, राज्य में अब तक 481 रेजिडेंट डॉक्टर कोविड पॉजिटिव मिले हैं।
- हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 157.13 करोड़ से ज्यादा डोज दिया जा चुका है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 16.50 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
- कर्नाटक सरकार ने राज्य में सभी तरह के रैलियों और विरोध प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। वहीं, शादियों में अधिकतम 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।
- देश भर में CISF के 1500 से ज्यादा जवान कोरोना संक्रमित हैं। वहीं, CRPF के 1100 से अधिक जवान संक्रमित हैं। फिलहाल BSF के 729, SSB के 562, NSG के 48, ITBP के 249 और NDRF के 57 जवान कोरोना संक्रमित हैं। पिछले 24 घंटों में अकेले CISF में 208, CRPF में 200, BSF में 110, SSB में 113 और NSG में 18 नए संक्रमित मिले हैं।
-
5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में मंगलवार को फिर केस बढ़े हैं। सोमवार को राज्य में 33,470 केस मिले थे, लेकिन मंगलवार को ये फिर बढ़कर 34,424 हो गए। पिछले 24 घंटे के दौरान 22 मौतें भी दर्ज की गई हैं। इस दौरान राज्य में 18,967 लोग रिकवर भी हुए हैं। राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2.21 लाख हो गए हैं। अब तक राज्य में 69.87 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 66.21 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.42 लाख लोगों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 19% से घटकर 16% हो गई है।हालांकि, अच्छी खबर मुंबई से है, जहां नए केस लगातार चौथे दिन कम हुए हैं। मंगलवार को महानगर में 11,467 नए मामले और 2 मौत दर्ज की गई हैं, जो सोमवार को मिले 13,648 केस से कम है। रविवार को महानगर में 19,474 केस मिले थे। वहीं शनिवार को 20,318 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए थे। हालांकि, मुंबई में कुल एक्टिव केस 1 लाख का आंकड़ा छूकर 1 लाख 523 हो गए हैं।
मुंबई में मंगलवार को कोरोना मरीजों की पॉजिटिविटी रेट 28% से गिरकर 18.7% पर आ गई है। सोमवार को टेस्टिंग अधिक होने के बावजूद केस कम आये हैं।
- 2. पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में मंगलवार को 21,098 नए केस मिले हैं। बंगाल में इस दौरान 8037 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 19 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, राज्य की पॉजिटिविटी रेट 37% से घटकर 32% पर पहुंच गई है। राज्य में अब तक कुल 17.95 लाख केस मिले हैं, जबकि 16.73 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। राज्य में कुल 19,936 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में भी कुल एक्टिव केस 1 लाख के पार पहुंच गए हैं। अब कुल एक्टिव केस 1 लाख 2 हजार 236 हैं। - 3. दिल्ली
दिल्ली में मंगलवार को फिर से नए मामले बढ़ गए। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में 21,259 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। सोमवार को यहां 19,166 नए केस मिले थे। इस दौरान 23 लोगों की मौत हुई है, जो 25 दिसंबर से शुरू हुई तीसरी लहर के दौरान किसी एक राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत हैं। 12,161 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए हैं। कुल एक्टिव केस 74,881 हैं, जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 15.90 लाख हो गई है, जिनमें से 14.90 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक राजधानी में 25,200 लोगों की मौत हो चुकी है। - 4. तमिलनाडु
यहां मंगलवार को 24 घंटे के दौरान 15,379 नए मामले सामने आए, जबकि 3043 मरीज ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 28.29 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.17 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,886 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 75,083 हैं। तमिलनाडु में पॉजिटिविटी रेट 10% है। - 5. कर्नाटक
यहां मंगलवार को 14,473 लोग संक्रमित पाए गए, 1356 लोग ठीक हुए और 5 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 30.78 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.66 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,379 लोगों की मौत हो गई। 73,260 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। राज्य में मंगलवार को अकेले बेंगलुरु में ही 10,800 नए मामले पाए गए हैं।