Wednesday, September 24

कोरोना देश में LIVE:24 घंटे में 1.68 लाख नए मरीज; एक दिन में 12 हजार की कमी, क्रिकेटर वाशिंगटन सुंदर कोरोना पॉजिटिव

देश में 24 घंटे में 1.67 लाख नए कोरोना संक्रमित पाए गए। 69,798 लोग ठीक हुए, जबकि 277 लोगों की मौत हुई है। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 97,475 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस वक्त 8 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। सिर्फ 11 दिन पहले यह आंकड़ा एक लाख था।

नए केस की बात करें तो लगातार पांचवें दिन यह आंकड़ा एक लाख के ऊपर रहा है। हालांकि, इसमें 12 हजार की कमी देखने को मिली है। इससे पहले रविवार को 1.79 लाख लोग संक्रमित मिले थे। सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि चिंताजनक बने महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में सोमवार को नए मामले कुछ कम हुए।

टीम इंडिया के युवा बॉलिंग ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड होने के बाद उनका साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में खेलने पर सस्पेंस बढ़ गया है। भारत और अफ्रीका के बीच पहला वनडे 19 जनवरी को खेला जाएगा।

कोरोना अपडेट्स

  • दिल्ली में सभी प्राइवेट ऑफिस और रेस्टोरेंट-बार बंद करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक में ये फैसला किया गया। हालांकि, लोगों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी गई है।
  • कोरोना की नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप (NTAGI) के चेयरमैन डॉ. एन. के. अरोड़ा ने मोलनुपिराविर कैप्सूल को लेकर नई जानकारी दी है। उन्होंने मंगलवार को बताया कि रिप्रोडक्टिव ऐज के लोगों को ये कैप्सूल नहीं दी जानी चाहिए। हालांकि, गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को यह दवा दी जा सकती है। कैप्सूल का गलत इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है।
  • दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली में पिछले दिनों 22,000 कोरोना केस के साथ 24-25% पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि राजधानी में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। सरकार कोरोना पेशेंट्स के लिए बुधवार से ऑनलाइन योग क्लास शुरु करेगी। इसके लिए होम आइसोलेशन वाले पेशेंट्स को योग क्लास की वेब लिंक भेजी जाएगी।
  • मुंबई में पिछले 24 घंटे में 120 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, 1 पुलिसकर्मी की मौत हुई है।
  • हरिद्वार जिला प्रशासन ने 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं के स्नान करने पर पाबंदी लगा दी है। हरिद्वार के DM विनय शंकर पांडे ने बताया कि जिले में 14 जनवरी की रात 10 बजे से 15 जनवरी सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इस दौरान हर की पौड़ी इलाके में भी एंट्री बैन रहेगी।
  • देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच PM मोदी ने आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मीटिंग बुलाई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली मीटिंग में संक्रमण रोकने को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
  • हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड पॉजिटिविटी रेट अब 10.64% है। वहीं, ओमिक्रॉन केस की कुल संख्या बढ़कर 4,461 हो गई है। इनमें से 1,711 ​मरीज ठीक हो चुके हैं।
  • देश में सोमवार 10 जनवरी को 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रीकॉशन डोज लगाने की शुरुआत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को ट्वीट कर बताया कि बीते दिन 10.30 लाख से ज्यादा लोगों को प्रीकॉशन डोज लगाया जा चुका है।
  • दिल्ली की अलग-अलग जेलों में बंद कुल 66 कैदी और 48 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें तिहाड़ जेल के 42 कैदी और 34 कर्मचारी, मंडोली जेल के 24 कैदी और 8 कर्मचारी और रोहिणी जेल के 6 कर्मचारी शामिल हैं।

देश की कई बड़ी हस्तियां संक्रमित

  • बॉलीवुड सिंगर लता मंगेशकर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उन्हें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है।
  • फिल्म बाहुबली में कटप्पा के नाम से फेमस हुए साउथ के दिग्गज एक्टर सत्यराज पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  • केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बोम्मई में कोरोना के बेहद हल्के लक्षण हैं।
  • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। तीन दिन पहले CM हाउस के 27 कर्मचारी भी पॉजिटिव मिले थे।
  • दिल्ली एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया आइसोलेट हो गए हैं। उनका ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं, दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी चिन्मय बिस्वाल समेत 1000 सिपाही कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
  • 2 हफ्ते में मरीज 28 गुना बढ़े; लेकिन टेस्टिंग दो गुना भी नहीं की गई
    देश में कोरोना के मरीज बढ़ने की रफ्तार थमती नहीं दिख रही है। सोमवार को संक्रमण के 1 लाख 65 हजार 873 नए मामले मिले हैं। कई राज्यों में एक से दो दिन में मरीज दोगुने होने लगे हैं, लेकिन मरीज मिलने के अनुपात में टेस्टिंग अब भी कम हो रही है। पिछले दो हफ्ते का ट्रेंड देखें तो इस दौरान देश में मरीज तो 28 गुना बढ़ गए, लेकिन टेस्टिंग दोगुना भी नहीं बढ़ पाई।
  • 5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
    1. महाराष्ट्र
    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान नए मामलों में करीब 11 हजार की कमी आई है। राज्य में सोमवार को 33,470 नए केस सामने आए, जबकि रविवार को 44,388 केस मिले थे। सबसे अच्छी खबर महाराष्ट्र में महामारी से उबरने वालों की संख्या दोगुनी हो रही है। रविवार को 15,351 लोगों के मुकाबले सोमवार को 29,671 डिस्चार्ज हुए हैं। इस दौरान 8 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,06,046 हो गए हैं। अब तक राज्य में 69.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

    इनमें 66.02 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 41 हजार 647 लोगों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी रेट भी 22% से घटकर 19.26% हो गया है। मुंबई में कोरोना वायरस की तीसरी लहर को देखते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट की मुख्य बेंच ने मंगलवार से दिन में केवल 3 घंटे काम करने का निर्णय लिया है। यह आदेश 28 जनवरी तक लागू रहेगा और इस दौरान केवल बेहद जरूरी केस ही सुने जाएंगे।

  • 2. पश्चिम बंगाल
    पश्चिम बंगाल में सोमवार को 19,286 नए केस मिले हैं, जो रविवार को मिले 24,287 मामलों से बेहद कम हैं। बंगाल में इस दौरान 8187 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 16 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, राज्य का पॉजिटिविटी रेट अब भी बढ़ रहा है, जो 34% से बढ़कर 37% पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक कुल 17,74,332 केस मिले हैं, जबकि 16.65 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। राज्य में कुल 19,917 लोगों की मौत हो चुकी है।

    पश्चिम बंगाल के गंगा सागर द्वीप में हर साल मकर संक्रांति पर लगने वाले मेले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को फैसला दिया है। कोर्ट ने कहा कि गंगासागर मेले में सिर्फ वही लोग जा सकते हैं, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है।

    मेले में एंट्री के लिए लोगों को वैक्सीन का सर्टिफिकेट दिखाना होगा। इसके अलावा निगेटिव RT- PCR वालों को भी मेले में जाने की अनुमति दी जाएगी। इस साल मेले में 5 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है।

  • 3. दिल्ली
    दिल्ली में सोमवार को दिल्ली में नए मामलों का आंकड़ा घटकर 20 हजार के नीचे आ गया। पिछले 24 घंटे के दौरान 19,166 नए मामले मिले हैं, जो रविवार को मिले 22,751 नए केस के मुकाबले 16% कम है। आज 17 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 14,076 लोग रिकवर हुए हैं, जिससे कुल एक्टिव केस भी 65,806 से घटकर 60,733 रह गए हैं।

    हालांकि नेशनल कैपिटल में पॉजिटिविटी रेट 24% से बढ़कर 25% पर पहुंच गया है, जिसे चिंता की बात माना जा रहा है। अब तक राज्य में कुल 15,68,896 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.77 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 25,177 लोगों की मौत हो गई।

  • 4. तमिलनाडु
    यहां सोमवार को 24 घंटे के दौरान 13,990 नए मामले सामने आए, जबकि 2547 मरीज ठीक हुए और 11 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 28.14 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.14 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,866 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 62,767 हैं। तमिलनाडु में पॉजिटिविटी रेट 10% है।
  • 5. कर्नाटक
    यहां सोमवार को 11,698 लोग संक्रमित पाए गए, 1148 लोग ठीक हुए और 4 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 30.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.65 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,374 लोगों की मौत हो गई। 60,148 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। कर्नाटक में पॉजिटिविटी रेट 8% है।