मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। अब स्कूल और कॉलेज के बच्चे भी पॉजिटिव आने लगे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में 25 से ज्यादा स्कूली बच्चे कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके बाद भी स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार स्कूलों के ऑफलाइन से ऑनलाइन कराने के सवालों से बचते नजर आए। क्लास से लेकर एग्जाम तक के सवालों पर उनका एक ही जवाब रहा। समीक्षा कर रहे हैं। सही समय आने पर पॉजिटिव निर्णय लिए जाएंगे। मंत्री परमार का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ कोरोना की बैठक है। इसमें स्कूलों को लेकर भी बात की जाएगी। उसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
स्कूल के सवालों पर मंत्री का एक ही जवाब- बैठक के बाद निर्णय
क्या क्लास ऑफलाइन से ऑनलाइन होंगी? आज उसके बारे में मीटिंग रखी है। उसके बाद निर्णय लिया जाएगा।
क्या एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के एग्जाम आगे बढ़ने जा रहे हैं? सभी समय आने दो। परीक्षाओं को आगे बढ़ाना है। ऑनलाइन करना है। इस पर सही समय पर निर्णय लिया जाएगा।
आज समीक्षा बैठक में क्या एजेंडा रखा है? हम साप्ताहिक बैठक करते हैं। उसी पर चर्चा करते हैं। कार्यक्रम भी होते हैं। कोरोना है, इसलिए उसी पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री कोरोना को लेकर समीक्षा करते हैं। उसमें क्या करना है। कैसे निर्णय लेना है। हम सब मिलकर उस पर निर्णय लेते हैं।
पहली से 8वीं तक की क्लास क्या ऑनलाइन होने जा रहीं? बैठक के बाद ही इस पर निर्णय होगा।