Thursday, September 25

कोरोना दुनिया में LIVE:यूरोप-अमेरिका के कोरोना मामलों में बड़ी गिरावट, 24 घंटे के अंदर पूरी दुनिया में 8.28 लाख नए केस मिले

दुनियाभर में ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच अमेरिका और यूरोप में बीते 24 घंटे में कोरोना मामलों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। यूरोप में शनिवार के 7.39 लाख कोरोना केस के मुकाबले रविवार को 3.68 लाख कोरोना केस मिले। वहीं, अमेरिका में शनिवार के 2.39 लाख केस के मुकाबले रविवार को 1.85 लाख कोरोना केस मिले। पिछले 24 घंटे में ब्रिटेन में 1.37 लाख, इटली में 61 हजार, फ्रांस में 58 हजार और कनाडा में 35 हजार नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, पूरी दुनिया में बीते दिन 8.28 लाख नए केस मिले हैं और 3,088 लोगों की मौत हुई है।

अमेरिका में 24 घंटे के अंदर 1.85 लाख केस मिले; यह दुनिया में सबसे ज्यादा, यहां के रक्षा मंत्री भी पॉजिटिव
अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भी कोरान संक्रमित हो गए। ऑस्टिन ने बयान जारी कर बताया कि रविवार को कुछ लक्षण नजर आने के बाद उनका टेस्ट करवाया गया, जिसमें वो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने इसकी जानकारी राष्ट्रपति जो बाइडेन को भी दी है। वहीं, बीते 24 घंटे में अमेरिका में कोरोना के 1 लाख 85 हजार 122 नए केस मिले हैं।

अरब देशों में भी मामले बढ़े, सऊदी अरब में अगस्त के बाद पहली बार एक हजार से ज्यादा केस
अरब देशों में तमाम सख्ती के बावजूद कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। सऊदी अरब में 24 घंटे में एक हजार से ज्यादा केस सामने आए। दूसरी तरफ, UAE में यह आंकड़ा ढाई हजार के करीब पहुंचा। एक और अहम खबर फ्रांस से आ रही है। यहां सरकार वैक्सीन न लगवाने वालों पर जुर्माना लगाने पर विचार कर रही है।

गल्फ में दिक्कत बढ़ी
सऊदी अरब में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच रविवार को हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक हाईलेवल मीटिंग की। इसमें कुछ फैसले किए गए हैं। इनका ऐलान जल्द ही किया जाएगा। अगस्त के बाद पहली बार एक दिन में मिलने वाले मामलों का आंकड़ा एक हजार के पार हो गया। UAE में तो यह आंकड़ा 24 घंटे में ढाई हजार के करीब है। हालांकि, दोनों देशों ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि इनमें से ओमिक्रॉन वैरिएंट के कितने केस हैं। वैसे दोनों ही देशों में ओमिक्रॉन का पहला केस दिसंबर में मिला था। सितंबर के बाद सऊदी में किसी भी महीने में 100 से ज्यादा केस नहीं मिले थे। UAE ने नॉन वैक्सीनेटेड पैसेंजर्स की देश में एंट्री बैन कर दी है। मुल्क में दोनों डोज लगवा चुके लोगों को अब बूस्टर डोज भी लगवाना होगा।

फ्रांस में सख्ती
फ्रांस सरकार ने साफ कर दिया है कि देश के बार और रेस्टोरेंट्स में वैक्सीन पास और सर्टिफिकेट को लेकर सख्ती की जाएगी। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कुछ लोग दूसरे लोगों के पास या सर्टिफिकेट दिखाकर एंट्री ले रहे हैं। लिहाजा ऐसे लोगों पर अब सख्ती की जाएगी। इसके अलावा जिन लोगों ने वैक्सीनेशन नहीं कराया है, उन पर जुर्माने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए सरकार ने बिल तैयार कर लिया है। इसे सोमवार को संसद में पेश किया जा सकता है।