मध्यप्रदेश में न्यू ईयर का पहला संडे चिल्ड रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में संडे की सुबह ठिठुरन भरी रही। लोग रजाइयों दुबके रहे। ग्वालियर-जबलपुर समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहने की संभावना है। प्रदेश के बड़े पर्यटन स्थल पचमढ़ी, मांडू, खजुराहो और ओरछा में ठंड कंपकंपाएगी। राजधानी के आसपास सांची और भीमबैठका में भी ठंड का असर रहेगा। ऐसे में यदि लोग घूमने जाएं, तो ठंड से बचने के उपाय भी करें।
न्यू ईयर सेलिब्रेशन की रात 31 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में ठंड ने कंपकंपा दिया। कड़ाके की ठंड के बीच लोगों ने जश्न मनाया। ग्वालियर सबसे ज्यादा ठंड रहा। यहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। रायसेन, उमरिया, सिवनी, सागर, धार और दतिया टूरिस्ट स्पॉट पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे रहे।
भोपाल में 12.2 डिग्री रहा पारा
31st की रात में राजधानी भोपाल में पारा 12.2 डिग्री रहा। सर्द हवाएं चली। इस कारण ठिठुरन रही और न्यू ईयर के सेलिब्रेशन में खलल पड़ा। शनिवार सुबह भी ठंड का असर रहा। सर्द हवाएं चलती रही। संडे को भोपाल भी ठंडा रहेगा।
जबलपुर में भी पारा 10 डिग्री के नीचे
प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर के बाद जबलपुर सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में तापमान 12.3 डिग्री दर्ज रहा।
ग्वालियर के बाद रायसेन सबसे ठंडा रहा
ग्वालियर के बाद रायसेन सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 7.5 डिग्री रहा। उमरिया में 7.8, सिवनी में 8.0, सागर में 8.1, धार में 8.2, दतिया में 8.3, पचमढ़ी में 8.5, खजुराहो-मंडला में 9.0, छिंदवाड़ा में 9.1, दमोह में 9.4, रतलाम में 9.5 और गुना में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस कारण ठंड बढ़ेगी
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मध्यप्रदेश में बारिश खत्म होने के साथ ही बादल भी पूरी तरह छंट चुके हैं। इससे 31 दिसंबर की रात सर्द रही। नए साल के पहले दिन भी मौसम में ठंडक रही। संडे को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।