Tuesday, September 23

MP में कोरोना की रफ्तार और तेज:इंदौर में विस्फोट, प्रदेश में 24 घंटे में 48 केस; इनमें 37 को वैक्सीन के दोनों डोज लगे थे

मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 48 केस सामने आए हैं। इसमें से 37 को वैक्सीन के दोनों डोज लगे हुए हैं। यह एक दिन पहले आए केस से 6 अधिक हैं। सबसे ज्यादा इंदौर में 32 पॉजिटिव आए हैं। भोपाल में 6 मरीज मिले हैं। यहां दुबई से लौटा एक व्यक्ति संक्रमित आया है, जिसकी जीनोम सिक्वैसिंग के लिए सैंपल भेज दिया गया है। उज्जैन, झाबुआ और जबलपुर में 2-2 एवं नरसिंहपुर, ग्वालियर, खरगोन और रतलाम में 1-1 मरीज मिले हैं। बाकी कुछ अन्य जिलों से केस है।

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के प्रदेश में अब तक 9 मरीज मिले हैं। इसमें से 7 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 307 पहुंच गई है। प्रदेश में 28 दिनों में 631 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर में 279 और भोपाल में 211 शामिल हैं। भोपाल में अभी 72 एक्टिव केस हैं। इनमें 58 होम आईसोलेशन में और 14 अस्पताल में भर्ती हैं।

इंदौर: अब कोरोना डराने लगा, आधे से अधिक केस यहीं निकल रहे

इंदौर में अब कोरोना डराने लगा है। लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोज नए पॉजिटिव शहर के अलग-अलग क्षेत्र में निकल रहे है। बीते 24 घंटे में 32 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। एक दिन पहले ही 27 केस सामने आए थे। प्रदेश में मिलने वाले केसों में आधे से ज्यादा इंदौर में ही आ रहे हैं। यह स्थिति दिसंबर महीने के शुरुआत से ही बनी हुई है।

भोपाल: कोई लक्षण नहीं, रिपोर्ट पॉजिटिव
भोपाल में दुबई से लौटा कोलार निवासी एक 29 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित आया है। उसमें कोई लक्षण नहीं हैं। वह अभी होम आईसोलेशन में है। स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में आने वाले 7 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इसके अलावा भी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।

उज्जैन: यूके से आई महिला के संपर्क से संक्रमित

उज्जैन में फिर दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से एक नागदा के एक टीचर हैं। 40 वर्षीय टीचर उज्जैन की सिंधी कॉलोनी में रहते हैं। वहीं एक अन्य पॉजिटिव मरीज सेठी नगर निवासी महिला है। यह महिला यूके (स्कॉटलैंड) से लौटी महिला के संपर्क में आई थी। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उज्जैन में 8 दिसंबर से 28 दिसंबर के बीच 24 मरीज कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें से अभी 4 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। अभी उज्जैन में एक्टिव केस 20 हैं।

अब तक प्रदेश में कोरोना की स्थिति
प्रदेश में 7 लाख 93 हजार 809 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 969 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 533 की जान जा चुकी है। मंगलवार को 26 मरीज ठीक हुए हैं। करीब 63 हजार सैंपल जांच करने लिए गए हैं। रिकवरी रेट 98% से अधिक है। पॉजिटिविटी दर 0.08% है।