Wednesday, September 24

शीतलहर की चपेट में पूरा उत्तर भारत:दिल्ली में तापमान 3.2 डिग्री, भोपाल में 10 साल की सबसे ठंडी रात; अगले 24 घंटे राहत के आसार नहीं

देश के उत्तरी राज्यों में भीषण सर्दी पड़ रही है। आज, यानी 20 दिसंबर की सुबह दिल्ली में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज पूरे दिन शीतलहर यानी सर्द हवाएं चलते की आशंका है। दिल्ली के साथ राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप जारी है। IMD के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है, जिससे तापमान में गिरावट आ रही है।

भोपाल में 86 साल में चौथी बार कड़ाके की ठंड
पूरा मध्यप्रदेश में हाड़-मांस कंपा रही सर्दी अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। भोपाल में रात का तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है, जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम है। जबकि, दिन का तापमान 6 डिग्री कम होकर 20.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यहां 86 साल में चौथी बार इतनी कड़ाके की ठंड पड़ी है। सीवियर कोल्ड वेव (उच्च शीतलहर) और कोल्ड डे एक साथ रहे।

मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक इससे पहले 1935 (0.6 डिग्री), 1966 (3.1 डिग्री) और 2011 (2.3 डिग्री) में ऐसी ठंड पड़ी थी। दिसंबर की सर्दी ने जनवरी का 9 साल की ठंड का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। हालत यह है कि भोपाल सहित 14 जिले शीतलहर की चपेट में हैं। 22 जिलों के कस्बों में कोल्ड डे रहा। मौसम विभाग ने भोपाल समेत 18 जिलों में सोमवार को शीतलहर की चेतावनी दी है।

राजस्थान में पेड़ों-मैदानों पर जमी बर्फ
इस साल पारा इतना नीचे लुढक गया है कि राजस्थान में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक केवल बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही है। पिछले तीन दिनों से पांच से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान माइनस में जा रहा है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने राजस्थान को जमा दिया है। प्रदेश के नागौर, भीलवाड़ा, अजमेर और जयपुर में ओस की बूंदे बर्फ बन गई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 48 घंटों में सर्दी का सितम और बढ़ने की संभावना है।

हिमाचल में हो रही भारी बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में 3 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इससे 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन भी बर्फबारी की संभावना बन रही है। आज प्रदेश में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज कराया गया। मनाली और दूसरे हिल स्टेशन इस बार व्हाइट क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए तैयार हैं। देश भर से आने वाले टूरिस्ट पहली बार अटल टनल रोहतांग के कारण लाहौल की बर्फीली वादियों में भी व्हाइट क्रिसमस मनाएंगे। लाहौल की वादियों में लगातार हिमपात हो रहा है, इससे चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान 5 डिग्री से कम
प्रदेश का उत्तरी इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया है। पिछले 24 घंटे में ठंड अचानक बढ़ी है और सरगुजा-बिलासपुर संभाग के उत्तरी हिस्से में सभी जगह तापमान सामान्य से 5 डिग्री से भी नीचे चला गया है। अंबिकापुर और पेंड्रा में रात का तापमान 6 डिग्री के करीब है। रविवार को सुबह से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ी है। अगले दो-तीन दिन में तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश भी कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सोमवार को अलीगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। पिछले 10 साल में अलीगढ़ में ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब 20 दिसंबर के पहले पारा इतना नीचे गया हो। पूरा हिमालय पश्चिमी विक्षोभ की चपेट में है। अलीगढ़ के अलावा आगरा, मथुरा और मुजफ्फरनगर में भी तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, झांसी में 4.7 डिग्री सेल्सियस और बरेली में 5 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंच गया।

मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि उत्तरप्रदेश के कानुपर में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध और बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ जिले मेरठ, सहारनपुर, शामली, बागपत, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।