Wednesday, September 24

भोपाल में कोरोना से 1002वीं मौत:डॉक्टर की पत्नी ने AIIMS में दम तोड़ा, पति स्वस्थ; वैक्सीन के दोनों डोज भी ले चुके थे

भोपाल में करीब 25 दिन बाद कोरोना से एक और जान चली गईं। JP हॉस्पिटल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र गुप्ता की पत्नी रश्मि गुप्ता ने रात 2 बजे दम तोड़ दिया। उनको 3 दिन पहले AIIMS के ICU में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 26 अक्टूबर को कोलार निवासी एक 26 साल के युवक की चिरायु हॉस्पिटल में मौत हुई थी। भोपाल में अब तक कोरोना से 1002 मौतें हो चुकी हैं। हालांक, सरकारी रिकॉर्ड में 1001 मौतें ही हैं। डॉक्टर की पत्नी की डेथ रिपोर्ट अस्पताल से मिलने के बाद इसे शामिल किया जाएगा।

62 साल के डॉ. गुप्ता और उनकी 55 साल की पत्नी ने फरवरी में वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए थे। दंपती की तबीयत खराब होने पर वे 13 नवंबर को अस्पताल पहुंचे और कोरोना जांच कराई। 15 नवंबर को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टर और उनकी पत्नी को इलाज के लिए AIIMS में भर्ती किया गया। डॉ. गुप्ता की तबीयत ठीक हो गई और उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी भी मिल गई थीं। वे अरेरा कॉलोनी स्थित अपने घर पर आ गए थे, लेकिन उनकी पत्नी की हालत गंभीर थी।

गर्भवती महिलाओं की जांच कराई जा रही
भोपाल में डॉक्टर की पत्नी से हुई मौत से हड़कंप मच गया है। डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच करवाई जा रही है। डॉ. गुप्ता ने 11 नवंबर से 13 नवंबर के बीच 150 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी की थी। महिलाओं की कोरोना जांच करवाई जा रही है। JP हॉस्पिटल के सिविल सर्जन डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने बताया, रात में डॉक्टर गुप्ता की पत्नी की मौत हो गई। गर्भवती महिलाओं की कोरोना जांच करवाई जा रही है।

प्रदेश में 6 नए पॉजिटिव मिले

  • मध्यप्रदेश में 24 घंटे के भीतर 6 नए पॉजिटिव मिले हैं। इन्हें मिलाकर 6 दिन में पॉजिटिव संक्रमितों की संख्या 43 हो गई है। 15 नवंबर को इंदौर में 1 मौत भी रिपोर्ट हुई है। वहीं, अब भोपाल में भी एक मौत हुई है।
  • प्रदेश में अब तक 7 लाख 92 हजार 990 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 386 ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 525 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अभी प्रदेश में 79 एक्टिव केस हैं।
  • प्रदेश में रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 0.01% है।

सरकार ने दी छूट, सावधानी जरूरी
प्रदेश सरकार ने कोरोना के सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। शादी में जितनी चाहे उतने मेहमान बुला सकते हैं। वहीं, नाइट कर्फ्यू भी हटा दिया है। स्कूल-कॉलेज, कोचिंग क्लास, हॉस्टल, जिम, सिनेमा हॉल, क्लब, योगा सेंटर, स्विमिंग पूल आदि क्षमता के अनुसार खोले जा सकते हैं। सरकार ने भले ही छूट दे दी हों, लेकिन कोरोना से बचाव की सभी सावधानियां बरती जाना जरूरी हैं। घर से बाहर निकले तो मुंह पर मास्क जरूर लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी पालन करें।