Wednesday, September 24

19 दिन से एक जैसा मौसम; दिन में 28 से 310 और रात में 12 से 180 के बीच रहा पारा

दिन का तापमान 28 से 30 डिग्री और रात का 12 से 14 डिग्री के बीच। दिन में धूप, लेकिन उसमें तीखापन नहीं। शाम ढलने के बाद से सुबह 8 बजे तक अच्छी खासी ठंड। पिछले 19 दिन से शहर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना है। मौसम विशेषज्ञ कहते हैं कि यह क्लाइमेटिक फीचर का नया फैक्टर है। लगातार 19 दिनों तक दिन और रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। अमूमन भोपाल में ऐसा कम ही देखने को मिलता है।

इस बार शहर में दशहरे के एक हफ्ते बाद से ही हल्की ठंडक शुरू हो गई थी। यह सिलसिला अभी बरकरार है। 22 अक्टूबर से लेकर अभी तक शहर में मौसम में बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। बुधवार को दिन का तापमान 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। मंगलवार के मुकाबले इसमें 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। दिन में बादल भी छाए थे। रात का तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया।

यह भी सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। बीते 24 घंटे में इसमें भी 0.2 डिग्री की कमी आई। 22 अक्टूबर के बाद से लगातार दिन का तापमान एक-दो दिन ही सामान्य रहा। बाकी दिनों में यह सामान्य से कम रहा। रात के तापमान की भी यही स्थिति रही। यह लगातार सामान्य से दो से 3 डिग्री तक कम बना हुआ है।

तीन वजह… उत्तर भारत में बर्फबारी, हवा का रुख भी उत्तरी बना है

1. मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक इस बार उत्तर भारत में पहुंचे वेस्टर्न डिस्टरबेंस बहुत स्ट्रॉन्ग थे। इनके कारण उत्तर भारत में दो बार बर्फबारी हो चुकी है।

2. सामान्य तौर पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंचने के बाद तापमान में इजाफा होता है। जब यह गुजर जाता है, तब गिरावट होती है। पिछले कई दिनों से यह सिस्टम नहीं बने।

3. हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के ठंडे होने के कारण भी हमारे यहां के मौसम पर असर हुआ है।