Wednesday, September 24

दीपक मरावी को हमीदिया का अधीक्षक बनाया:4 साल पहले इसी पद से हटाने पर मना था जश्न; डॉ. अरविंद राय होंगे जीएमसी के डीन

हमीदिया अस्पताल में 13 बच्चों की मौत के बाद सरकार ने गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर जितेन्द्र शुक्ला और हमीदिया अधीक्षक डॉक्टर लोकेन्द्र दवे को पद से हटा दिया है। जीएमसी का नया डीन सर्जरी विभाग के एचओडी डॉक्टर अरविंद राय को और हमीदिया अस्पताल का नया अधीक्षक डॉक्टर दीपक मरावी को बनाया गया है। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। डॉक्टर मरावी को अधीक्षक बनाने का विरोध शुरू हो गया है। कांग्रेस ने मरावी को नया अधीक्षक बनाने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी उनकी नियुक्ति का विरोध किया है।

विवादों में रहे हैं मरावी
दीपक मरावी लगातार विवादों में रहे हैं। 26 दिसंबर 2016 को मरावी को हमीदिया का अधीक्षक बनाया गया था। वर्ष 2017 में नर्सों ने उन पर आरोप लगाया कि मरावी ठीक से बात नहीं करते। बातचीत में द्विअर्थी शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उनसे फोटो खींचकर मंगाते हैं।

मरावी की डिग्री को लेकर भी शिकायत हुई थी। वहीं, संस्कृति बचाओ मंच ने आरोप लगाया कि मरावी ने सोशल मीडिया ग्रुप पर ब्राह्मण व क्षत्रिय समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। वर्ष 2018 में मरावी ने अस्पताल में मीडिया के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। मरावी को 16 माह के कार्यकाल के बाद पद से हटा दिया गया था। एक साल पहले दीपक मरावी पर एक लड़की ने क्लिनिक में बुलाकर छेड़छाड़ की शिकायत की थी। मामले में डॉक्टर मरावी ने भी दूसरे पक्ष पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया था। अभी मामला कोर्ट में चल रहा है।

मरावी की नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने ट्वीट किया कि हमीदिया के नए बनाए गए अधीक्षक दीपक मरावी का नाम हनी ट्रैप में सामने आ चुका है। 16 माह बाद उनके हटने पर हमीदिया अस्पताल में लड्‌डू बांटे गए थे, पटाखे फोड़े गए थे। उनकी डिग्री पर विवाद है, ब्राह्मण वर्ग पर अभद्र टिप्पणी का आरोप है।

आप ने भी किया विरोध
डॉक्टर मरावी को अधीक्षक बनाने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने भी विरोध किया। आप के भोपाल जिला उपाध्यक्ष प्रदीप खण्डेलवाल ने कहा कि नर्सों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले दीपक मरावी को अधीक्षक बनाए जाने से हमीदिया के हालत नहीं सुधरेंगे।

इसके अलावा, केके दुबे उप सचिव व संयुक्त संचालक गैस राहत और संचालक कमला नेहरू अस्पताल को भी पद से हटा दिया है। उनकी जगह कमला नेहरू चिकित्सालय के उप संचालक व मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. संजय जैन को आगामी आदेश तक प्रभार दिया गया है।

वहीं, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग ने विधानसभा सचिवालय के सहायक यंत्री देवेन्द्र तिवारी को प्रतिनियुक्ति पर सीपीए गैस राहत संभाग क्रमांक-1 में किया था। इसे तत्काल प्रभाव से वापस कर मूल विभाग विधानसभा सचिवालय को वापस कर दिया है।