
राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे है। अक्टूबर के 29 दिन में प्रदेश में 301 पॉजिटिव में 123 अकेले भोपाल के हैं, जबकि बाकी केस अन्य जिलों के हैं। राहत की बात यह भी है कि शहर में 106 मरीज ठीक हुए हैं। अभी राजधानी में 41 एक्टिव केस हैं।
शहर में पिछले 29 दिन में दो बार एक दिन में 11 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, एक बार 8 और 12 बार 4 से ज्यादा केस आए। शहर में 26 अक्टूबर को एक साथ 11 कोरोना पॉजिटिव आए। इससे पहले 6 अक्टूबर को 11 केस 24 घंटे में मिले थे। 26 अक्टूबर को मिले केस में अधिकतर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में पॉजिटिव आए।
प्रदेश में गुरुवार को 9 संक्रमित मिले। इसमें इंदौर और भोपाल में 3-3, ग्वालियर में 2 और जबलपुर में 1 कोरोना संक्रमित मिला है। प्रदेश में अब तक 7 लाख 92 हजार 832 लोग संक्रमित हुए। इनमें 7 लाख 82 हजार 195 ठीक हो चुके है। वहीं, 10 हजार 524 लोगों की कोरोना के कारण जान जा चुकी है।