
शहर के चूनाभट्टी स्थित बुद्ध विहार के द्वार के पास यह तस्वीर जनता फ्रिज की है। यह फ्रिज जनता का है… और जरूरतमंदों के लिए भी। क्योंकि यहां कोई भी खाने-पीने का सामान रख सकता है और कोई भी जरूरतमंद यहां से खाने-पीने का सामान ले जा सकता है। आगामी दिनों में यहां से ज़रुरतमंद लोग अनाज, कंबल, गर्म कपड़े आदि भी ले जा सकेंगे।
इस जनता फ्रिज का लोकार्पण भंते शाक्यपुत्र सागर ने बुद्ध वंदना के बीच किया। यहां लोग अपने-अपने घरों से ताजा भोजन और फल लाकर रख सकते हैं। राहगीरों समेत कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इस फ्रिज में से बगैर किसी की अनुमति लिए अपनी जरूरत के मुताबिक भोजन निकालकर ले जा सकेगा।
भंते ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान बुद्ध विहार के लोगों ने कई स्थानों पर जरूरतमंदों को नियमित रूप से भोजन बनवाकर बांटा। तभी से मन में विचार था कि कोरोना काल के बाद भी तो जरूरतमंदों को पेट भरने के लिए भोजन चाहिए। तब से इस योजना पर विचार कर रहे थे। इसी दौरान तमिलनाडु में कम्युनिटी फ्रिज की शुरुआत होने का समाचार पढ़ा तो इसी योजना को मूर्त रूप देने का निर्णय लिया।
100 लोगों की जरूरत का खाना रखा जा सकेगा
भंते सागर थेरो ने बताया कि इस डबल डोर फ्रिज को तैयार कराने में एक लाख से अधिक का खर्च आया। इसे दान दाताओं ने वहन किया है। इसमें करीब 100 लोगों की जरूरत का भोजन रखा जा सकता है। सोशल मीडिया के माध्यम से और बैठकें कर समाजसेवियों और अन्य परोपकारी लोगों को इसकी जानकारी पहले दी जा चुकी है।
सभी ने कहा है कि वे इसमें नियमित रूप से भोजन, फल आदि लाकर रखेंगे। जनता फ्रिज बौद्ध विहार के मुख्य द्वार पर रखा गया है। निगरानी के लिए सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। लोग यहां अच्छे कपड़े,साबुत अनाज, आटा, कम्बल आदि भी लाकर दे सकते है, जिसके वितरण की अलग से व्यवस्था करेंगे।
नेकी की दीवार की तर्ज पर खोलेंगे काउंटर
उन्होंने कहा कि पास में ही नेकी की दीवार की तर्ज पर यहां एक काउंटर बनवाया जाएगा। इसमें एक व्यक्ति तैनात रहेगा, जो लोगों से भोजन के अलावा वस्त्र, अनाज और अन्य जरूरत की सामग्री लेकर रखेगा। यह सामग्री खुले रूप में रखी जाएगी, ताकि गरीब एवं असहाय लोगों को उनकी जरूरत की चीजें आसानी से उपलब्ध हो सके।