Monday, October 6

प्रदेश सरकार की नई गाइडलाइन:नहीं निकलेगा चल समारोह, पंडालों से सीधे विसर्जन घाट जाएंगी प्रतिमाएं

  • 7 घाटों पर ही होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
  • एक समिति के दस लाेग ही जा सकेंगे घाट तक

कोरोना गाइडलाइन के चलते पिछले साल की तरह इस बार भी शहर में चल समारोह नहीं निकलेगा। दुर्गा प्रतिमाएं पंडालों से सीधे विसर्जन घाट पर जाएंगी। जिले के 7 घाटों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। घाटों पर भीड़ को रोकने बैरिकेड्स लगाए गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि एक प्रतिमा के साथ में 10 से अधिक लोग नहीं जाएंगे। पुलिसकर्मी नजर रखेंगे। झांकियों के बीच भी उचित दूरी रखी जाएगी।

किसी को घाट पर पानी तक पहुंचने की अनुमति नहीं होगी। प्रमुख घाटों जैसे रानी कमलापति घाट कमला पार्क, प्रेमपुरा घाट, सीहोर नाका, हथाईखेड़ा अनंतपुरा, शाहपुरा, ईटखेड़ी, खटलापुरा, नरोन्हा सांकल और मालीखेड़ी विसर्जन स्थल पर रस्सी और बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं। शहर में इस बार करीब 700 छोटी बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की गईं हैं। पूर्व में ये 1500 से ज्यादा होती थीं।

समितियों से पूछा जा रहा है किस समय करेंगे विसर्जन

जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक समितियों से जानकारी ली जा रही है कि वे किस समय विसर्जन करेंगे। अगर झांकिया एक साथ भी पहुंचती हैं तो उन्हें दूर-दूर कर रोक दिया जाएगा।

प्रतिमा विसर्जन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया

विसर्जन के लिए नगर निगम फतेहगढ़ के कन्ट्रोल रुम का दूरभाष क्रमांक 0755-2542222, 2701401, 2540220 पर संपर्क कर सकते हैं।

5000 कर्मचारी संभालेंगे व्यवस्था

पुलिस, होमगार्ड, एनडीआरएफ, निगम आदि के 5000 कर्मचारी व्यवस्था संभालेंगे। चल समारोह की अनुमति नहीं होगी। भीड़ को रोकने बैरिकेड्स लगाए गए हैं। सभी घाटों पर नगर निगम की क्रेन से विर्सजन होगा।
अविनाश लवानिया, कलेक्टर भोपाल