
जिले के शमशाबाद में गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे में ट्रॉली मे बैठी महिला मजदूर पानी मे डूब गई और करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए हैं। नदी में डूबी महिला को राहगीरों और जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक कला बाई कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही शमशाबाद तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह तत्काल मोके पर पहुंचकर घायल मजदूरों से मिले। तहसीलदार ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
इन दिनों सोयाबीन और धान के फसल की कटाई का मौसम चल रहा है। खेत के मालिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में मजदूरों को अपने खेतों पर ले जा रहे हैं। इस बार पुलिया के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई। घायल मजदूरों का इलाज शमशाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और विदिशा में चल रहा है।
3 अक्टूबर 2016 नवरात्रि के दिन ही इसी जगह बस पुलिया के नीचे गिरी थी जिसमें 11 लोगों ने अपनी जान गवाई थी। उस घटना के बाद भी प्रशासन ने अबतक पुलिया की रेलिंग नहीं बनवाई।