Sunday, September 28

MP में भारतीय महिला हॉकी टीम का सम्मान:सबसे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ लंच करेगी टीम; स्मार्ट सिटी में पेड़ लगाएगी, 31-31 लाख रुपए की राशि से सम्मान होगा

खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलिंपिक में पहली बार चौथे नंबर पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम का मंगलवार दोपहर ढाई बजे मिंटो हाल में सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभी 19 खिलाड़ियों को 31-13 लाख रुपए की राशि से खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इससे पहले दोपहर में टीम सीएम निवास पर मुख्यमंत्री के साथ लंच करेगी। वहां से टीम शिवराज के साथ स्मार्ट सिटी में पौधा लगाएगी। हालांकि पहले यह कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे था, लेकिन इसके समय में बदलाव किया गया। कार्यक्रम में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया समेत हॉकी फेडरेशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

इससे पहले टीम सोमवार शाम भोपाल पहुंची। एयरपोर्ट पर टीम का ढोल बजाकर और फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया था। मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम में शिवराज और खेल मंत्री के अलावा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा भी मौजूद रहेंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रओ निगोमबम, हॉकी इंडिया की सीईओ एलीना नार्मन, सचिव राजेंद्र सिंह और महिला हॉकी टीम के कोच तुषार खांडेकर भी विशेष रूप से कार्यक्रम शामिल होंगे।

भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य

कप्तान रानी रामपाल, सविता पूनिया, दीप ग्रेस एक्का, निशा, गुरजीत कौर, सलीमा टेटे, उदिता, मोनिका, निक्की प्रधान, नेहा, पी. सुशीला चानू, वंदना कटारिया, नवनीत कौर, नवजोत कौर, शर्मिला देवी, लालरेम सियामी, ई. रजनी, रीना खोकर और नमिता टोप्पो।