
गांधीनगर के राजभवन में कैबिनेट के शपथ ग्रहण की शुरुआत हो गई है। 5 विधायकों ने एक साथ मंत्री पद की शपथ ली। इनमें विधानसभा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राजेंद्र त्रिवेदी भी शामिल हैं। इस्तीफे के करीब एक घंटे बाद सबसे पहली शपथ भी उन्होंने ही ली है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की टीम में उनका दर्जा नंबर-2 का होगा।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
जीतू वाघानी, राघव पटेल, पूर्णेश मोदी, नरेश भाई पटेल, प्रदीप सिंह परमार, अर्जुन सिंह चव्हाण, ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, किरीट सिंह राणा, हर्ष सांघवी, बृजेश मेरजा, मनीषा वकील, जगदीश भाई पांचाल, जीतू भाई चौधरी।
भूपेंद्र पटेल ने पूरी टीम नई बनाई है। 24 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा रही है। इनमें इनमें 9 कैबिनेट और 15 राज्यमंत्री हैं। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की टीम में शामिल सभी मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई है। इनमें पूर्व डिप्टी CM नितिन पटेल भी शामिल हैं, जो नाराज चल रहे हैं।
कलह के चलते कल नहीं हो सका शपथ ग्रहण
पहले शपथ ग्रहण बुधवार दोपहर होना था, लेकिन नए मंत्रिमंडल को लेकर रूपाणी और पूर्व डिप्टी CM नितिन पटेल नाराज थे। रुपाणी सरकार में शामिल रहे 11 कैबिनेट मंत्रियों में से सिर्फ दिलीप ठाकोर, गणपत वसावा और जयेश रादडिया को ही नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की उम्मीद थी। इसे लेकर बुधवार को सुबह से रात तक विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के बीच बैठकों का दौर जारी रहा। इसके बाद हाईकमान ने नाराज नेताओं को मनाने का जिम्मा रूपाणी पर ही छोड़ दिया था।