
भोपाल में अगस्त में 23 दिन पानी गिरा, लेकिन बारिश का कोटा पूरा नहीं हो पाया। रिमझिम से जमीन को तो फायदा हुआ पर जलाशय प्यासे ही हैं। ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों को सितंबर में बंगाल में बन रहे सिस्टम से उम्मीद है। हालांकि, भोपाल में सितंबर मौसम के रूप में सबसे चौंकाने वाला होता है। कभी तापमान गर्मी जैसा हो जाता है, तो कभी रात का परा 14 डिग्री के नीचे भी आ जाता है।
पूरे महीने में दो मिमी बारिश नहीं होती, तो कभी 24 घंटे में 9.5 इंच तक बारिश होने से बाढ़ आ जाती है। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के अनुसार 6 सितंबर से प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। खासतौर पर भोपाल में 7 और 8 सितंबर को तेज बारिश की उम्मीद है। अगर दो दिन में लगातार बारिश होती है, तो भोपाल में स्थिति बेहतर हो सकती है।
उसम परेशान करेगी
वैज्ञानिक साहा ने बताया, सितंबर में भोपाल में तीखी धूप और उसम ज्यादा रहती है। इससे लोगों को गर्मी का एहसास होता है। इस दौरान दिन का तापमान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा करीब 21 डिग्री रहता है। ऐसे में दिन में गर्मी और रात को ठंडक होती है। हालांकि सितंबर में भोपाल में आंधी के साथ तेज बारिश होती है। सामान्य तौर पर बारिश के 8 दिनों में करीब 7 इंच पानी गिरता है।
बंगाल की खाड़ी से उम्मीद
भोपाल में इस महीने बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव के कारण बारिश होती है। जब यह उड़ीसा तट को पार करते हुए पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी दिशा में बढ़ता हुआ देश के मध्य भाग में आता है, तो भोपाल और उसके आसपास भारी बारिश होती है। कई बार बाढ़ जैसे हालात भी बन जाते हैं। भोपाल में अब तक 31 इंच पानी गिरा है, जबकि इस दौरान 33 इंच पानी गिरना था। यह सामान्य से करीब 5% कम है।
इस कारण चौंकाता है सितंबर
भोपाल में सितंबर में मानसून सबसे ज्यादा चौंकाने वाला होता है। यानी इस महीने कभी खूब बारिश होती है, तो कभी-कभी बारिश बहुत कम होती है। वर्ष 1961 में सबसे ज्यादा बारिश महीने में 31 इंच हुई थी, जबकि सबसे कम 2001 में सबसे कम 1.8 मिमी हुई थी। इसके साथ ही 2 सितंबर 1947 में चौबीस घंटों के दौरान सबसे ज्यादा 9.5 इंच हुई थी। 24 सितंबर 1972 में रात का पारा 13.8 डिग्री तक आ गया था।
भोपाल में सितंबर में हुई बारिश की स्थिति
साल | बारिश (इंच में) |
2020 | 7 |
2019 | 23 |
2018 | 3.5 |
2017 | 9 |
2016 | 5 |
2015 | 2 |
2014 | 4 |
2013 | 2 |
2012 | 2 |
2011 | 11 |