
सिटी बसें अब शहर में ही नहीं, बल्कि 25 किमी के दायरे में भी दौड़ेंगी। CM शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) ने 20 से अधिक गांव तय किए हैं। सीहोर-इंदौर हाईवे, कोलार, रायसेन रोड, होशंगाबाद रोड आदि रूटों पर ये गांव हैं। RTO से मंजूरी मिलते ही BCLL इन रूटों पर बसों का संचालन शुरू करेगा।
24 अगस्त को CM शिवराज सिंह चौहान ने 50 नई सिटी बसों का शुभारंभ किया था। इस मौके पर उन्होंने सिटी बसों को शहर से 25 किलोमीटर के दायरे में भी चलाने की बात कही थी, ताकि ग्रामीण, नौकरीपेशा या स्टूडेंट्स को आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने भोपाल के साथ इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर व उज्जैन में भी सुविधा शुरू करने को कहा है। सीएम की घोषणा के बाद BCLL ने रूट तय कर दिए हैं। जहां जल्द ही सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
सिटी बसों की संख्या बढ़ेगी, इस हिसाब से दौड़ाएंगे
वर्तमान में शहर में पुरानी व नई बसों को मिलाकर कुल 168 बसें दौड़ रही हैं। पुराने 14 रूट के अलावा 5 नए रूट भी तय किए गए हैं। दूसरी ओर, 2 साल के भीतर 650 बसें और लाने का प्लान है। इनमें डीजल, सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इसके लिए 18 नए रूट भी तय किए गए हैं, ताकि शहर के अंतिम छोर तक बसें चलाई जा सके।
मनमाने किराए से मिलेगी राहत
आसपास के गांवों से प्रतिदिन हजारों लोग नौकरी करने या पढ़ने के लिए आते हैं। इसके अलावा व्यापार करने वालों की संख्या भी अधिक है। चूंकि, सिटी बसें गांव तक नहीं पहुंचती हैं, इसलिए लोगों को प्राइवेट ट्रांसपोर्ट को मनमाना किराया भी चुकाना पड़ता है। कई बार ऑटो, मिनी बसें या टैक्सी वाले अभद्रता पर उतारू भी हो जाते हैं। सिटी बस के जरिए उनका सफर बेहतर होगा और निर्धारित किराया ही देना पड़ेगा।
ये रूट प्रस्तावित, बढ़ भी सकते हैं
- रातीबड़ :रातीबड़, बिल्किसगंज, बड़झिरी
- सीहोर हाईवे : फंदा, परवलिया, मुगालिया छाप
- बैरसिया रोड : सूखी सेवनिया, निपानिया
- रायसेन रोड : बिलखिरिया, आदमपुर छावनी व थाना क्षेत्र।
- कोलार : कजलीखेड़ा, काला पानी, गोल गांव, धुआंखेड़ा।
- होशंगाबाद रोड : भोजपुर, RAF कैंप