Thursday, October 30

संयुक्त मोर्चा की हड़ताल 6वें दिन भी जारी:सरकार की सद् बुद्धि के लिए पहले किया यज्ञ फिर सुंदरकांड का पाठ

जनपद पंचायत कार्यालय में मंगलवार को कर्मचारियों ने सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। अपनी मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चल रहे इन कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार की सद्बुद्धि के लिए जहां हवन में आहूति दीं, वहीं सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया। जिले भर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत कार्यरत सभी कर्मचारी पिछले 22 जुलाई से हड़ताल पर हैं।

कर्मचारियों की इस हड़ताल से जिले भर में काम-काज ठप पड़ा हुआ है। यह हड़ताल जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा द्वारा की जा रही है। संयुक्त मोर्चा जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक अपना आंदोलन जारी रखने के मूड में हैं।

संयुक्त मोर्चा से जुड़े 17 संगठनों के अधिकारी-कर्मचारी अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर एक साथ हड़ताल पर हैं। पिछले कई वर्षों से लगातार मांग उठाने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो संयुक्त मोर्चा ने इस बड़े आंदोलन का रुख किया है। इसमें ग्राम रोजगार सहायक एवं संविदा कर्मचारी, पंचायत सचिव, मनरेगा कर्मचारी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संगठन, अभियंता संघ, जिला-जनपद पंचायत कर्मचारी संघ सहित अन्य संगठनों से जुड़े लोग शामिल है।