Tuesday, September 23

कोरोना देश में:दो दिन की बढ़ोतरी के बाद फिर कम हुए केस, 24 घंटे में 34,861 मरीज मिले और 38,393 ठीक हुए; एक्टिव केस में 4 हजार की कमी

कोरोना को लेकर फिर कुछ राहत देने वाली खबर है। दो दिन की बढ़ोतरी के बाद इसके मामलों में गिरावट नजर आई है। गुरुवार को 34,861 मरीज मिले, 38,393 ठीक हुए और 481 की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 4,018 की कमी आई।

इससे पहले मंगलवार को 42,128 नए मरीजों की पहचान हुई थी और 36,876 ठीक हुए थे। उस दिन एक्टिव केस में 1,237 की बढ़त देखी गई थी। ऐसे ही बुधवार को 41,687 केस आए और 38,891 मरीज रिकवर हुए। तब एक्टिव केस में 2,278 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 34,861
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 38,393
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 481
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.12 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 3.04 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 4.19 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.99 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।