Wednesday, September 24

कोरोना देश में:38,319 नए मरीज मिले, 38,521 ठीक हुए और 501 की मौत; लगातार 5 दिन से मौत का आंकड़ा 600 से कम


देश में कोरोना के नए मरीज और ठीक होने वालों की संख्या लगभग स्थिर है। बीते 24 घंटे में 38,319 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 38,521 ठीक हुए और 501 ने जान गंवाई। राहत की बात है कि लगातार पांचवें दिन मौत का आंकड़ा 600 से कम रहा है। इससे पहले 13 जुलाई को 625 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई थी। देश में अब 4.49 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए:
 38,319
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 38,521
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 501
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.11 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.03 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.14 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.16 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।