Wednesday, September 24

कोरोना देश में:38109 नए मरीज मिले, 43869 ठीक हुए और 560 ने जान गंवाई; लगातार 9वां दिन जब 45 हजार से कम केस आए

देश में कोरोना के केस में दो दिन पहले हुई बढ़ोतरी के बाद अब इसमें फिर गिरावट देखी जा रही है। बीते 24 घंटे में 38,109 नए संक्रमित मिले। 43,869 मरीज ठीक हो गए और 560 की मौत हो गई। यह लगातार 9वां दिन था जब 45 हजार से कम केस आए हैं। इससे पहले 7 जुलाई को 45,701 केस आए थे।

शुक्रवार को एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 6,329 की कमी आई। अब देश में 4.18 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा 1.21 लाख एक्टिव केस केरल में हैं। 1.01 एक्टिव केस के साथ महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 38,109
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 43,869
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 560
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.10 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 3.02 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 4.13 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.18 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स…

  • केरल का सबरीमाला मंदिर आज (17 जुलाई) से भक्तों के लिए खोला जा रहा है। त्रावणकोर देवस्थानम बोर्ड ने बताया कि मंदिर के पट 5 दिन खुले रहेंगे। नियमों के मुताबिक दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को 48 घंटे पहले जारी की गई RT-PCR रिपोर्ट दिखानी होगी।
  • कोरोना महामारी के चलते UP के मथुरा में इस साल मुड़िया मेला नहीं लगेगा। मथुरा के SSP गौरव ग्रोवर ने बताया कि राज्य की सीमा सील कर दी गई है। दुनिया भर से श्रद्दालु यहां पर गिरिराज परिक्रमा के लिए आते हैं।
  • कोरोना की रोकथाम के लिए पुणे की सात तालुका के पर्यटन स्थलों पर IPC की धारा 144 लागू करने का आदेश जारी किया। यह आदेश कलेक्टर राजेश देशमुख ने शुक्रवार को जारी किया।