
देश में कोरोना के केस में फिर उछाल देखने को मिला है। 24 घंटे में 41,755 नए मरीजों की पहचान हुई और 39,289 ठीक हुए। 578 संक्रमितों ने जान गंवाई। 7 दिन बाद नए मरीजों की संख्या ठीक होने वालों से ज्यादा रही है। इससे पहले 7 जुलाई को 45,701 मरीजों की पहचान हुई थी और 44,529 ठीक हुए थे। इसके साथ ही एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को 1,875 एक्टिव केस बढ़े हैं।
देश में सबसे ज्यादा 15,637 नए मरीज केरल में मिले हैं। यहां यह आंकड़ा 35 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले यहां 9 जून को 16,204 केस आए थे। यहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2,535 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 41,755
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 39,289
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 578
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.09 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 3.01 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.12 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.26 लाख
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।