
देश में कोरोना के आंकड़े फिर आगाह कर रहे हैं। बीते 24 घंटे में 40,215 नए मरीज मिले, 42,338 ठीक हुए और 623 लोगों ने जान गंवा दी। केरल में सबसे ज्यादा 14,539 मरीज मिले हैं। इसके साथ ही यह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों के मामले में भी टॉप पर पहुंच गया है। अब यहां 1 लाख 15 हजार 184 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस मामले में महाराष्ट्र 1 लाख 4 हजार 406 एक्टिव केस के साथ दूसरे नंबर पर है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 40,215
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 42,338
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 623
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.09 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 3 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.11 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.24 लाख
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- उत्तराखंड में इस साल भी कांवड़ यात्रा रद्द कर दी गई है। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कोरोना की वजह से यह फैसला लिया है।
- उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा स्थगित नहीं की गई है। CM योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 को निर्देश दिए हैं कि पारंपरिक कांवड़ यात्रा कोविड प्रोटोकॉल के साथ हो सकेगी।