Tuesday, September 23

3 महीने बाद कोरोना के मामले 50 हजार से कम:24 घंटे में देश में 42,219 केस मिले, 81,410 ठीक हुए और 1,162 की मौत; आज कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ के पार होगा

देश में सोमवार को 42,219 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, अभी झारखंड, अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख के आंकड़े अपडेट नहीं हुए हैं। इस दौरान 81,410 लोगों ने कोरोना को मात दी और 1,162 लोगों की मौत भी हुई।

करीब 3 महीने बाद कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार से नीचे आया है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 कोरोना संक्रमित मिले थे। इस तरह पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में करीब 40 हजार की कमी रिकॉर्ड की गई।

देश में अब तक कुल 2.99 करोड़ लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। पिछले कुछ दिनों के रोजाना केसों के ट्रेंड को देखें, तो आज कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ के पार पहुंच जाएगा। भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। सबसे ज्यादा केस 3.44 करोड़ केस अमेरिका में आए हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 42,219
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 81,410
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 1,162
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.99 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.89 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.89 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 6.59 लाख

10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

तेलंगाना पूरी तरह लॉकडाउन हटाने वाला पहला राज्य
इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है। यहां 1 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।