Thursday, September 25

MP को मिले वैक्सीन के 8.37 लाख डोज:कोवैक्सिन के सिर्फ 2 लाख; दूसरा डोज लगाने वालों को परेशानी, पहला डोज सिर्फ कोवीशील्ड का लगेगा ; CM बोले- जुलाई में मिलेगी पर्याप्त वैक्सीन

मध्यप्रदेश में इस सप्ताह के लिए वैक्सीन का स्टॉक हो गया है, लेकिन कोवैक्सिन का दूसरा डोज लगवाने वालों के लिए मांग के हिसाब से वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पा रही है। रविवार को 8 लाख 37 हजार डोज मिले हैं। इसमें से कोवैक्सिन के सिर्फ 2 लाख डोज हैं। यही वजह है कि प्रदेश में पहला डोज कोवीशील्ड का लगाया जाएगा। इसके लिए ज्यादा सत्र आयोजित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वैक्सीनेशन का नया रोडमैप बनाया जा रहा है। 18 से 44 साल तक के लोगों के लिए 21 जून से वैक्सीन केंद्र सरकार उपलब्ध कराएगी। इसके बाद जुलाई से प्रदेश को पर्याप्त डोज उपलब्ध हो जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर तैयारी कर रहा है। कोरोना की दूसरी लहर काबू में आने के बाद अब सरकार वैक्सीनेशन पर फोकस कर रही है। इसको लेकर मंत्रियों के साथ चर्चा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में वैक्सीनेशन अत्यंत आवश्यक है। कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए वैक्सीनेशन को जन अभियान कैसे बनाएं यह विचार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन को हमें रिकार्ड समय में पूरा करना है। अधिक से अधिक वैक्सीनेशन हो, कैसे एक निश्चित समय सीमा में इस पर हमें विचार करना है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में वैक्सीन की कमी को खारिज करते हुए कहा कि हर दिन पूरे प्रदेश में करीब सवा लाख लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आ रहे हैं। इस लिहाज से पर्याप्त टीका उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अब ज्यादा फोकस दूसरा डोज लगवाने को लेकर है।

भोपाल में लगेंगे 40 हजार डोज
भोपाल में सोमवार को 40 हजार लोगों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए करीब 160 सेंटर केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम और SDM के अधीन 125 टीमें रहेंगी। यह टीमें पहला और दूसरा दोनों डोज हर उम्र वर्ग में लगाएंगी। इस तरह करीब 280 सत्र आयोजित किए गए हैं, जो अब तक के सर्वाधिक हैं। लक्ष्य के अनुरूप वैक्सीनेशन हुआ तो सोमवार को रिकार्ड बन सकता है। अभी तक भोपाल में एक दिन में सर्वाधिक 40,244 लोगों को वैक्सीन लगाने का रिकार्ड है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. उपेंद्र दुबे के मुताबिक पहला और दूसरा दोनों डोज लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहला डोज सिर्फ कोवीशील्ड का लगाया जाएगा, जबकि दूसरा डोज दोनों वैक्सीन के लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भोपाल में करीब 25 हजार लोगों को दूसरा डोज लगाने की अवधि आ गई है, लेकिन यह लोग आगे नहीं आ रहे हैं।

कैबिनेट बैठक में CM ने कहा
प्रदेश में 3 दिन वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया जाएगा ।
ग्राम स्तर तक लोगों का वैक्सीनेशन करने के लिए महाअभियान।
1,2,3 जुलाई को होगा वैक्सीनेशन महाअभियान।
क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी पंचायत स्तर तक वैक्सीनेशन के लिए जुटे।
स्व सहायता समूह, कोरोना वालंटियर, जन अभियान परिषद, विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि और जिले का प्रशासनिक अमला वैक्सीनेशन के महाअभियान में जुटे।

MP में लग चुके 1 करोड़ 40 डोज
पहला डोज – 1 करोड़ 20 लाख 73 हजार 75
दूसरा डोज – 19 लाख 59 हजार 847

18 से 44 साल – 48 लाख 85 हजार 826
45 से 60 साल – 40 लाख 19 हजार 184
60 साल से अधिक – 31 लाख 63 हजार 337

पुरुष – 68 लाख 68 हजार 944
महिलाएं- 53 लाख 1 हजार 868

प्रदेश को अब तक मिले 1.20 करोड़ से अधिक वैक्सीन
कोविशील्ड – 1 करोड़ 20 हजार 81 हजार 944
कोवैक्सीन – 19 लाख 50 हजार 979

वैक्सीनेशन सेंटर – सरकारी 3 हजार 338 व प्राइवेट 21