
महाराष्ट्र में मॉनसून जमकर बरस रहा है और मध्यप्रदेश में भी सक्रिय हो चुका है। अगले 24 घंटे में मानसून बिहार में दस्तक देगा। इस दौरान बिहार के ज्यादातर इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
उधर मुंबई और आसपास के जिलों में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। हालांकि, वीकेंड होने के चलते सड़कों पर आम दिनों की तरह भीड़ नहीं है।
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में आज भी मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। BMC ने आज दोपहर 12.30 से 1 बजे के बीच हाईटाइड का अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान समुद्र से 4-5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
इससे पहले मुंबई में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भारी बारिश हुई। सांताक्रूज की बेस ऑब्जर्वेटरी के मुताबिक मुंबई में शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक 137 मिमी बारिश हुई, जो गुरुवार की तुलना में 37 मिमी ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक 115.6 से 204.4 मिमी के बीच बारिश को बहुत भारी माना जाता है। जबकि मुंबई में पिछले 3 दिनों में 300 मिमी बारिश दर्ज हुई है। अगले कुछ दिनों में और बारिश होने की संभावना है।
मुंबई के इन इलाकों में भरा पानी
रातभर हुई बारिश के बाद मुंबई में अंधेरी सबवे में भी पानी भर गया है, जिसके बाद उसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। कुर्ला, सांताक्रुज, अंधेरी समेत कई इलाकों में भी जलभराव शुरू हो गया है।
मुंबई में बारिश बना सकती है नया रिकॉर्ड
मौसम का अनुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक 12 से 15 जून के बीच मुंबई और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मुंबई में इस बार जून में 2015 का 1106.7 मिमी बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। इससे पहले 2012 में जून में 1029.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
मध्यप्रदेश में भी मानसून सक्रिय
मध्यप्रदेश में गुरुवार को मानसून ने बैतूल की तरफ से तेजी से दस्तक दे दी थी। वहीं राजधानी भोपाल में भी मानसून सक्रिय हो गया है। शुक्रवार दोपहर तेज हवाओं और भोपाल में तेज बारिश हुई। इस दौरान एक घंटे में करीब एक इंच पानी बरसा। इससे कई जगह पानी भर गया। इसके बाद रात करीब पौने दस बजे फिर से बारिश शुरू हो गई।
24 घंटे में बिहार में दस्तक देगा मानसून
बिहार में मानसून दस्तक देने वाला है। हवा का दबाव पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में बना हुआ है। ऐसे में बिहार में 24 से 48 घंटे के अंदर मानसूनी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून पूर्णिया, बांका और कटिहार होते हुए बिहार के मध्य की तरफ बढ़ेगा। इस दौरान 32 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और राज्य के ज्यादातर इलाकों में मध्यम और भारी बारिश की संभावना है।