
देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर कम होने लगा है। बीते दिन नए मामलों के साथ पहली बार मौत के आंकड़ों में भी कमी देखी गई। देश में रविवार को एक लाख 53 हजार 347 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 2 लाख 37 हजार 568 लोग ठीक भी हुए। इस दौरान 3,129 लोगों की मौत भी हुई। एक दिन में जान गंवाने वालों का यह आंकड़ा पिछले 34 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 27 अप्रैल को 3,286 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.53 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.37 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,129
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.80 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.56 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.29 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 20.22 लाख
19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- योगी सरकार ने रविवार को उत्तर प्रदेश के 75 में से 55 जिलों से लॉकडाउन हटाने का ऐलान किया। यहां अब वीकेंड लॉकडाउन (शनिवार-रविवार) लागू होगा। राजधानी लखनऊ, इलाहाबाद समेत 20 जिलों में कोरोना कर्फ्यू 7 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। कारण यहां 30 मई तक 600 से ज्यादा एक्टिव केस हैं।
- महाराष्ट्र में केस कम होने के बावजूद राज्य सरकार ने लॉकडाउन 15 जून तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हम नहीं कह सकते कि कोरोना की तीसरी लहर कब आएगी, लेकिन हमें अपनी सुरक्षा कम नहीं करनी चाहिए।