Wednesday, September 24

देश में कोरोना से दूसरे दिन राहत:बीते 24 घंटे में 3.48 लाख नए मरीज मिले और 3.55 लाख ठीक हो गए; 2 दिन में 42 हजार एक्टिव केस कम हुए

देश में कोरोना के नए मामलों में फिर बढ़ोतरी हुई, लेकिन राहत की बात है कि लगातार दूसरे दिन नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। मंगलवार को 3 लाख 48 हजार 389 संक्रमितों की पहचान हुई और 3 लाख 55 हजार 256 लोग ठीक हो गए। इससे पहले सोमवार को 3 लाख 29 हजार 491 केस आए थे और 3 लाख 55 हजार 930 मरीज ठीक हुए थे।

मौत का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने वाला है। बीते 24 घंटे में 4,198 लोगों ने दम तोड़ा है। यह आंकड़ा तीसरी बार 4 हजार के पार हुआ है। इससे पहले 7 मई को 4,233 और 8 मई को 4,092 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई थी। बीते दो दिन में एक्टिव केस भी करीब 42 हजार घट गए हैं। 9 मई को सबसे ज्यादा 37.41 लाख मरीजों का इलाज चल रहा था। अब यह आंकड़ा घटकर 36.99 लाख रह गया है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.48 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,198
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.55 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.33 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.93 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.54 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36.99 लाख

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 30 करोड़ 75 लाख 83 हजार 991 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। इनमें से 19 लाख 83 हजार 804 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
  • कोरोना से देश में बने खराब हालात की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें वहां G-7 समिट में शामिल होना था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि PM मोदी को इस समिट के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की ओर से खास तौर पर बुलावा भेजा गया था। कोरोना से बने हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री इस सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे।
  • हेल्थ सेक्रेटरी राजेश भूषण के मुताबिक, राज्य केंद्र की ओर से दिए जा रहे टीकों का 70% दूसरे डोज के लिए और 30% पहले डोज के लिए रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहला डोज ले लिया है, उन्हें दूसरे डोज के लिए प्राथमिकता पर रखा जाना चाहिए।