
देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। बीते 24 घंटे में देश में 4 लाख 1 हजार 228 नए संक्रमित मिले। 3 लाख 19 हजार 469 ठीक हुए और 4,191 की मौत हो गई। इस महामारी से एक दिन में जान गंवाने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।
यह भी चिंता की बात है कि देश में लगातार तीन दिन से 4 लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं। इससे पहले 7 मई को 4.14 लाख और 6 मई को 4.13 लाख मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.01 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,191
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.19 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.18 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.79 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.38 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.21 लाख
कोरोना अपडेट्स
- कोरोना की वजह से तमिलनाडु सरकार ने 10 मई से दो हफ्ते के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी है। 10 से 24 मई तक तमिलनाडु में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। किराना, राशन की दुकानें दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति है। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को पहले ई-रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पर्यटन स्थलों की यात्रा पर प्रतिबंध रहेगा।
- केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि UK भेजने के लिए रखी गईं कोवीशील्ड वैक्सीन की 50 लाख खुराक अब एक्सपोर्ट नहीं की जाएंगी। इसकी बजाय ये टीके देश में ही 18 से 44 साल उम्र के लोगों को लगाए जाएंगे।
- कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दुनियाभर से भारत को मदद मिल रही है। अब तक 4,468 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3,417 ऑक्सीजन सिलेंडर, 13 ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, 3,921 वेंटिलेटर/बायपैप/सीपैप और रेमडेसिविर इंजेक्शन की 3 लाख से ज्यादा शीशियां अलग-अलग देशों से मिली हैं।
- प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर विजय राघवन ने कहा है कि अगर हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए। यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितने प्रभावी ढंग से लागू होती हैं।
- कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे अस्पताल, डिस्पेंसरी और कोविड केयर सेंटर्स अब दो लाख रुपए से ज्यादा की पेमेंट कैश ले सकेंगे। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को इसकी मंजूरी दे दी। यह छूट 31 मई तक रहेगी।
- कोरोना को देखते हुए गोवा में 15 दिन का कर्फ्यू लगाया गया है। यह रविवार से शुरू होगा। प्रदेश के CM प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।