Wednesday, September 24

कोरोना देश में:24 घंटे में रिकॉर्ड 1.44 लाख से ज्यादा मरीज मिले; एक्टिव केस पहली बार 10.40 लाख से ज्यादा, रिकवरी रेट घटकर 90% रह गया

देश में कोरोना से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शनिवार को रिकॉर्ड स्तर पर नए संक्रमितों के आंकड़े में इजाफा हुआ। पिछले 24 घंटे में 1 लाख 44 हजार 829 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल वायरस के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन के अंदर मिले मरीजों की ये संख्या सबसे अधिक है। इसके पहले गुरुवार को 1.31 लाख मरीज मिले थे।

एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका इलाज चल रहा है उसमें भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। शुक्रवार को देशभर में 77 हजार 199 लोग ठीक हुए, जबकि 773 मरीजों की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस में 66 हजार 760 की बढ़ोतरी दर्ज हुई। अब कुल देश में 10 लाख 40 हजार 993 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़ा कोरोना के पिछले फेज के पीक से कहीं ज्यादा पहुंच गया है। पिछले साल 17 सितंबर को संक्रमण का पीक दिन था। इस दिन देश में सबसे ज्यादा 10.17 लाख एक्टिव केस थे। इसके बाद से ये आंकड़े घटने लगे थे, लेकिन अब फिर से हालात भयावह होते जा रहे हैं।

एक दिन के अंदर रिकवरी रेट 91% से घटकर 90% पहुंचा
रिकवरी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दिन के अंदर ये 91.76% से घटकर 90.8% रह गया। पिछले तीन हफ्ते के अंदर इसमें करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम छत्तीसगढ़ में 80.5% और महाराष्ट्र में 82% मरीज रिकवर हुए हैं। यहां एक्टिव रेट काफी ज्यादा है। छत्तीसगढ़ में अभी 18.4% और महाराष्ट्र में 16.3% एक्टिव रेट है।

प्रयागराज के पूर्व सांसद का निधन
प्रयागराज के पूर्व सांसद श्यामा चरण गुप्ता का शनिवार की सुबह निधन हो गया। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी दी गई। कुछ दिन पहले ही परिवार समेत वह कोरोना पॉजीटिव पाए गए थे। इसके बाद से उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में हो रहा था।

संघ प्रमुख कोरोना संक्रमित
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सोमवार को भागवत हरिद्वार गए थे, जहां वे कुंभ मेले में शामिल हुए थे। उन्होंने गंगा में डुबकी भी लगाई थी।

अब तक 1.32 करोड़ लोग संक्रमित
देश में अब तक 1 करोड़ 32 लाख 2 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 19 लाख 87 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 68 हजार 467 मरीजों की मौत हो गई। 10 लाख 40 हजार 993 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। अब तक 9 करोड़ 50 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

कोरोना अपडेट्स

  • कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच एक और चिंता की खबर सामने आई है। पिछले एक हफ्ते के अंदर दिल्ली एम्स के कई डॉक्टर्स समेत 32 हेल्थ वर्कर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी है। एक दिन पहले ही दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के 37 डॉक्टर्स संक्रमित पाए गए थे।
  • शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सर गंगाराम हॉस्पिटल के डायरेक्टर से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण दिल्ली में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आगामी आदेश तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
  • ओडिशा सरकार ने मास्क न पहनने पर जुर्माने की रकम बढ़ा दी है। अब पहली और दूसरी बार बिना मास्क पकड़े जाने पर 2 हजार और इसके बाद 5 हजार रुपए पेनाल्टी लगाई जाएगी। यह देश भर में मास्क न पहनने पर जुर्माने की सबसे बड़ी रकम है। ज्यादातर राज्यों में ये 200 से 500 रुपए है। दिल्ली में 2 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया था।
  • ईस्ट कोस्ट रेलवे का कहना है कि 10 अप्रैल से देश में कहीं से भी ओडिशा आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR नेगेटिव रिपोर्ट (72 घंटे से पुरानी न हो) या वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने का प्रमाण पत्र होना जरूरी होगा। बिना वैध दस्तावेजों के 7 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।
  • बिहार सरकार ने शुक्रवार को कुछ नई पाबंदियों का ऐलान किया है। यहां शाम 7 बजे दुकानें, शोरूम और मॉल बंद करने होंगे। सरकारी ऑफिसों में एक दिन में 35% और प्राइवेट में 33% स्टाफ को ही आने की इजाजत होगी। यानी एक कर्मचारी की ड्यूटी दो दिन बाद लगेगी। साथ ही सरकार ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग 18 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया है।
  • बिहार में रेस्टोरेंट, होटल और ढाबे 25% क्षमता के साथ खुलेंगे। सभी सिनेमाहॉल 50% लोगों को ही एंट्री दी जाएगी। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में क्षमता से आधी सवारी बैठने की अनुमति रहेगी। CM नीतीश कुमार ने कहा कि 11 से 14 अप्रैल तक वैक्सीनेशन का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
  • उत्तराखंड के हल्द्वानी, देहरादून और हरिद्वार में 1 से 12वीं तक के क्लासेस 30 अप्रैल तक बंद रहेंगी।
  • इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में 40 स्टाफ कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें दो की मौत हो गई। 21 अप्रैल तक यूनिवर्सिटी को सील कर दिया गया है। एग्जाम के डेट भी आगे बढ़ा दी गई है।
  • महाराष्ट्र सरकार ने 11 अप्रैल को होने वाले MPSC एंट्रेंस एग्जाम को अगले आदेश तक टाल दिया है।

प्रमुख राज्यों के हाल…

1. महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 58,993 नए मरीज मिले। 45,391 मरीज ठीक हुए और 301 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32.88 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.95 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,329 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.34 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. छत्तीसगढ़
राज्य में शुक्रवार को 11 हजार 447 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2613 लोग रिकवर हुए और 91 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 4 लाख 18 हजार 678 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 37 हजार 156 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4654 मरीजों की मौत हो गई। 76 हजार 868 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण की तुलना में यहां एक्टिव रेट देश में सबसे ज्यादा हैं। अभी 18.4% एक्टिव मरीजों का यहां इलाज चल रहा है।

3. उत्तर प्रदेश
शुक्रवार को यहां 9,587 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 583 लोग रिकवर हुए और 36 की मौत हो गई। अब तक यहां 6 लाख 63 हजार 991 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6 लाख 6 हजार 646 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,039 मरीजों की मौत हो गई। 48 हजार 306 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. दिल्ली
राज्य में शुक्रवार को 8,521 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5032 लोग रिकवर हुए और 39 की मौत हो गई। अब तक यहां 7 लाख 6 हजार 526 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6 लाख 86 हजार 699 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 11 हजार 196 मरीजों की जान चली गई। 26 हजार 631 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

5. मध्य प्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 4,882 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3433 लोग रिकवर हुए और 23 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 27 हजार 220 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 92 हजार 598 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4136 मरीजों की जान चली गई। 30 हजार 486 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 4,541 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 2280 लोग रिकवर हुए और 42 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 37 हजार 15 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 9 हजार 626 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4697 मरीजों की मौत हो गई। 22 हजार 692 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

7. राजस्थान
राज्य में शुक्रवार को 3,970 लोग संक्रमित पाए गए। 1005 लोग रिकवर हुए और 12 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 54 हजार 287 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 27 हजार 304 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2898 मरीजों की मौत हो गई। 24 हजार 85 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

8. पंजाब
राज्य में शुक्रवार को 3,404 लोग संक्रमित पाए गए। 2518 लोग रिकवर हुए और 56 की मौत हो गई। अब तक यहां 2 लाख 66 हजार 494 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 31 हजार 885 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7390 मरीजों की जान जा चुकी है। 27 हजार 219 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।